क्षत्रिय महासभा सम्मेलन में पूर्व सांसद कुंवर हरिवंश सिंह का स्वागत करते पदाधिकारी। संवाद
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से अलीगढ़ में शौर्य शक्ति स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें महासभा ने उत्तर प्रदेश की 150 विधानसभा सीटों पर अपने वर्चस्व का दावा किया। महासभा की ओर से कहा गया कि 84 आरक्षित सीटें भी उनके समर्थन के बिना असुरक्षित हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर हरिवंश सिंह ने युवाओं से लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत और तपस्या करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक शक्ति का होना जरूरी है। प्रभु श्रीराम का चरित्र युवाओं के लिए सबसे बड़ी पाठशाला है।
मुख्य वक्ता सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता डॉ. एपी सिंह ने यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि इस कानून पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने सुप्रीम कोर्ट से स्थगन आदेश प्राप्त किया है, जो अब भी बरकरार है।
भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह भानू ने वर्ष 2027 में 150 सीटों पर वर्चस्व स्थापित करने का लक्ष्य रखा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1980 में 139 विधायक थे, जिनकी संख्या अब घटकर 47 रह गई है। महासभा ने एक वर्ष में देशभर में 107 कार्यक्रम आयोजित किए हैं। संवाद