मंगलवार को गणतंत्र दिवस का आयोजन पुलिस लाइन में समारोह पूर्वक होगा। इस आयोजन में पुलिस महानिदेशक की ओर से सराहनीय सेवा सम्मान से जिले में तैनात आरआई सहित तीन पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा जिला स्तर से भी विभिन्न सम्मान दिए जाएंगे। पीएसी के तीन कर्मचारियों को भी डीजी स्तर से सम्मानित किया जाएगा।
एसएसपी जे रविंदर गौड़ ने बताया कि पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में कमिश्नर चंद्रकांत 9 बजे ध्वजारोहण के बाद 9.30 बजे मुख्य अतिथि के रूप में परेड का मान प्रणाम ग्रहण करेंगे तथा सलामी लेंगे।
इसके पश्चात 10.15 बजे स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और 11.45 बजे पुरस्कार वितरण होगा।
इस बार डीजी स्तर से आरआई सहित तीन पुलिसकर्मी सम्मानित किए जाएंगे। जिला स्तर पर 50 हजारी भोला एन्काउंटर में शामिल टीम, जवां के गौकशी कांड, हरदुआगंज कांड का खुलासे वाली टीमें, सिविल लाइंस के मिंटो सर्किल के पूर्व प्रधानाचार्य की हत्या का खुलासा करने वाली टीम सहित विभिन्न पटलों पर पुलिस का नाम रोशन करने वाले कुल 150 कर्मचारी सम्मानित किए जाएंगे।
प्रमुख रूप से सम्मान पाने वालों में भोला एन्काउंटर टीम के एसओ बन्नादेवी अनुज कुमार, क्राइम ब्रांच के रवि त्यागी, एसओ जवां छोटेलाल, एसओ हरदुआगंज रमाकांत पचौरी, मेडिकल चौकी इंचार्ज इसरार अहमद, एसओजी टीम के एएसआई राकेश सिंह, राकेश यादव, एमपी सिंह, फिरोज खां, रिषीपाल, मोहम्मद अंजर, मोहन सिंह आदि शामिल हैं।