गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है। सोमवार दोपहर से ही रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड आदि सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
साथ ही महानगर में अलर्ट भी जारी किया गया है। रात में जिले की सीमाओं के अलावा होटल-ढाबों पर निगरानी बरती गई।
गणतंत्र दिवस को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार ने कड़ी चौकसी के निर्देश दिए हैं। चूंकि अलीगढ़ एनसीआर से सटा हुआ है, इस लिहाज से यहां ज्यादा चौकसी बरती जा रही है।
सोमवार दोपहर रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर चेकिंग कराई गई। साथ में ट्रेनों व बसों में भी चौकसी बरती गई। यात्रियों के सामान व संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई। इस दौरान डीआईजी गोविंद अग्रवाल, एसपी सिटी डॉ. ब्रजेश सिंह आदि मौजूद रहे। महानगर में सभी सार्वजनिक स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जा रही है।
साथ ही रात में होटल व ढाबे भी चेक किए गए। इसके अलावा धर्मशाला व सराय आदि भी चेक किए गए। एसपी सिटी डॉ. ब्रजेश सिंह के अनुसार सतर्कता के निर्देश दिए हैं। सभी सीओ व एसओ को महानगर में रात को चेकिंग के निर्देश दिए हैं।