हड़ताल खत्म, पांचवें दिन खुला सराफा बाजार
अमर उजाला ब्यूरो
अलीगढ़। आयकर विभाग की छापेमारी एवं सराफा व्यापारियों पर लिखाए गए लूट के मुकदमे के विरोध में पिछले पांच दिन से बंद सराफा बाजार रविवार को सांसद सतीश गौतम के आश्वासन के बाद खुल गया। सराफा कमेटी के अध्यक्ष विजय अग्रवाल एवं स्वर्णकार संघ के प्रवक्ता रवि वर्मा ने बताया कि कल एसपी सिटी से वार्ता में तय हुआ था कि बिना जांच के कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी एवं जांच के पश्चात कमेटी के प्रतिनिधियों को विश्वास में लिया जाएगा। इसके साथ ही सांसद सतीश गौतम ने भी सराफा व्यवसायियों के साथ ही व्यापार मंडल से बाजार खोलने का आह्वान किया।
सांसद एवं एसपी सिटी के आश्वासन पर रविवार को सराफा कमेटी एवं व्यापार मंडलों की संयुक्त बैठक में विचार किया गया और बाजार खोलने का निर्णय लिया गया। सांसद सतीश गौतम ने आश्वासन दिया कि किसी भी निर्दोष व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। शीघ्र ही सराफा कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक केंद्रीय वित्त मंत्री से कराऊंगा। इस अवसर पर ज्ञानचंद्र वार्ष्णेय, मानव महाजन, प्रदीप गंगा, कमल गुप्ता, अशोक चौधरी, मनीष वूल, अनिल सेंचुरी, पवन खंडेलवाल, हरिकिशन अग्रवाल, अशोक वर्मा, विनोद सराफ, अतुल सराफ, अखिलेश कुमार, सुदर्शनलाल अग्रवाल, राजकुमार प्रिंस, सीपू सराफ, अमित शेखर आदि मौजूद थे।