एक प्राइवेट बस ने बाइक सवार भाई-बहन को सामने से टक्कर मार दी। जिससे भाई बहन की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बस चालक फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने थोड़ी दूरी पर बस को जब्त कर लिया। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी।
शुक्रवार शाम करीब छह बजे थाना इगलास के गांव बेलौठ निवासी 55 वर्षीय विजय शर्मा अपनी बहन 45 वर्षीय नीरु देवी पत्नी वेदप्रकाश शर्मा को गांव से बाइक पर ससुराल गांव हरदोई थाना पाली छोड़ने जा रहा था।
भाई-बहन बाइक से जैस ही थाना दादों के गांव नगरिया जाहर पुलिया के पास पहुंचे वैसे ही हरदोई से आ रही एक प्राइवेट बस ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
जिससे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। बस चालक बस लेकर घटना स्थल से भागने लगा तो ग्रामीणों ने बस को रोकने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने पुलिस को इस घटना के बारे में सूचना दी।
पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और बस को थोड़ी दूर ही रोक कर जब्त कर लिया, लेकिन बस चालक भाग गया। गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंचकर बस में तोड़फोड़ कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों अलीगढ़ पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया और इस संबंध में उनके परिजनों को सूचना दे दी है। एसओ दादों रमाकांत पचौरी ने बताया कि बस को कब्जे में लिया गया है। बस चालक की तलाश की जा रही है।