गांव भमसोई में ट्रैक्टर की टक्कर से टूटा स्कूल भवन।
- फोटो : अमर उजाला
थाना पालीमुकीमपुर के गांव भमसोई में ट्रैक्टर की टक्कर लगने से जूनियर हाईस्कूल की बिल्डिंग ही ढह गई। गनीमत रही कि रविवार की छुट्टी के कारण स्कूल में बच्चे नहीं पढ़ रहे थे, वरना हादसा और बड़ा हो सकता था। ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट किया है।
थाना पालीमुकीमपुर के गांव भमसोई के जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में कुछ लोगों ने बालू डाल रखी थी। गांव में चल रहे खरंजा निर्माण के लिए स्कूल के प्रांगण में पड़ी बालू को ट्रैक्टर में भरकर मजूदर ले जा रहे थे। इसी दौरान वहां खड़े ट्रैक्टर को एक मजदूर ने स्टार्ट कर दिया।
इससे ट्रैक्टर स्कूल की बिल्डिंग से टकराते हुए खंभा तोड़ता हुआ शौचालय में जा घुसा। इससे स्कूल की बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। बरामदे का लेंटर तक नीचे आ गिरा। इससे वहां अफरा तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।
मैं इसी स्कूल में पढ़ा हूं। गनीमत रही कि रविवार के कारण स्कूल की छुट्टी थी। बच्चे स्कूल में पढ़ रहे होते तो हादसा बड़ा हो सकता था। - राहुल कुमार, छात्र - स्कूल प्रांगण में लोगों ने अवैध रूप से बालू आदि डाल रखी है। बिल्डिंग भी काफी बेकार हो रही है। हादसा दिल दहलाने वाला है। - रामेश्वर दयाल, पूर्व प्रधान
- सोमवार को स्कूल खुलेगा तब जानकारी करूंगा कि किस ट्रैक्टर से यह हादसा हुआ है। ट्रैक्टर स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। - अवधेश कुमार, प्रधानाध्यापक