केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव एनबीएस राजपूत ने एटा-कासगंज का भ्रमण करने के बाद बृहस्पतिवार देर रात सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने डीएम सेल्वा कुमारी जे. समेत अफसरों के साथ गहन मंत्रणा की। डीएम ने जिले में नवाचार के लिए दो प्रोजेक्ट पर चल रहे काम के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि धरा अभियान में सरकारी जमीनों को भूमाफिया से बचाने का काम किया जा रहा है। इसमें सभी सरकारी जमीनों का ऑनलाइन डाटा अपलोड होगा। यहां एक यूनिक नंबर मिलेगा। जिसे डालते ही जमीन का पूरा डाटा सामने आ जाएगा। स्वाधिकार पोर्टल के नाम से दूसरा प्रोजेक्ट शुरू किया गया है।
इसके माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की लाभार्थीपरक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लोगों तक पहुंच सकेगा। इसमें लाभार्थी का नाम डालते ही यह पता चल सकेगा कि उसे कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ मिल रहा है अथवा उसे कौन सी योजना का लाभ दिया जा सकता है।
संयुक्त सचिव ने डीएम से दोनों प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी ली और 100 दिनों की कार्ययोजना मांगी है। यहां सीडीओ अंकित खंडेलवाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा, ईडीएम मनोज राजपूत आदि मौजूद थे।