थाना सिविल लाइन के रामघाट रोड पर पीके ज्वैलर्स की दुकान से दिनदहाड़े बाइक सवारों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब एसएसपी कार्यालय पर अनीता कालरा हत्याकांड का खुलासा किया जा रहा था। पीके ज्वैलर्स के यहां पर बदमाश अंगूठी खरीदने के बहाने पहुंचे और करीब दो लाख रुपये के जेवर लेकर भाग गए।
यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में तो कैद हो गई है। इसमें बदमाश का चेहरा और हुलिया बेहद साफ देखा जा सकता है। मौके पर एसपी सिटी अंशुल गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी पुहंच गए थे। रामघाट रोड पर प्रमोेद अग्रवाल पुत्र मदन लाल अग्रवाल निवासी कनवरी गंज की रामघाट रोड पर रघुवीर बाल मंदिर स्कूल के सामने पीके ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार को करीब 12 बजे दुकान खोलकर सफाई आदि कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए। एक दुकान के बाहर खड़ा हो गया और एक अंदर आया। दुकान के अंदर आए युवक ने चांदी का ताबीज दिखाने के लिए कहा। इसके बाद एक सोने की लौंग दिखाने के लिए कहा। प्रमोद अग्रवाल के बेटे कपिल अग्रवाल इस समय मार्केट गए हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में दर्ज हुआ है कि प्रमोद अग्रवाल अलमारी में से ज्वैलरी निकाल रहे हैं और दुकान में मौजूद युवक उन्हें जेब में रख रहा है। इस तरह युवक ने करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जेब में रख लिया।
प्रमोद अग्रवाल को कुछ शक हुआ तो वह कुछ असहज हुए। इस पर अंदर आए युवक ने बाहर बाइक लेकर खड़े युवक को इशारा किया। उसने बाइक स्टार्ट कर दी। जब तक प्रमोद अग्रवाल कुछ समझ पाते तब तक युवक ज्वैलरी लेकर भाग गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा होनी शुरू हो गई। एसपी सिटी अंशुल गुप्ता सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया।