कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए रविवार को लगाया गया जनता कर्फ्यू आवाम के अविस्मरणीय सहयोग से जबरदस्त सफल रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था, ताकि कोरोना वायरस के फैलने से पहले उसकी चेन को तोड़ा जा सके। इस आह्वान का जनता ने जबरदस्त सहयोग करते हुए सड़क से लेकर गलियों तक को बंद रखा और घरों में ही रहे। सिर्फ मेडिकल स्टोर व अस्पतालों को छोड़ दें तो सड़कें दिन भर सन्नाटे में डूबी रहीं। रविवार को हुए इस बंद से करीब 500 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है, लेकिन सभी ने पूरे मन से इस बंद का साथ दिया।
जनता कर्फ्यू के दौरान चाय, कचौड़ी, जूस, सिगरेट, पान, पान मसाला तक सभी दुकानें बंद रहीं। अंग्रेजी शराब, देशी शराब, बियर, मॉडल शॉप, बाजार, दुकानें, शोरूम, रेस्टोरेंट, होटल, कारखाने आदि बंद रहे। आलम ये रहा कि ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस वाले भी दिन भर चाय पानी को तरस गए। रोडवेज और प्राइवेट बसें और निजी वाहनों के पहिये भी थमे रहे, लोकल ईएमयू ट्रेन भी नहीं चलीं। इससे मुसाफिरों की तादाद बेहद कम रही। रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस, मेल और दूसरी ट्रेनें चलीं लेकिन आम दिनों की तुलना में मुसाफिरों की संख्या खासी कम रही। गांधी पार्क, सेटेलाइट बस स्टैंड सहित अन्य प्राइवेट बस स्टैंड भी बंद रहे। किसी तरह की बस सेवा नहीं चली।
शहर के रेलवे रोड, रामघाट रोड, दुबे का पड़ाव, आगरा रोड, सासनीगेट, सेंटर प्वाइंट, जमालपुर, मेडिकल रोड, दोदपुर, केला नगर, मैरिस रोड, समद रोड, घंटाघर रोड, क्वार्सी चौराहा, नौरंगाबाद, मसूदाबाद, सराय लवरिया, गूलर रोड, देहलीगेट, ऊपरकोट, जयगंज, खाई डोरा सहित सभी बाजार पूरी तरह से बंद रहे। सड़क से लेकर गलियों तक की छोटी-बड़ी हर दुकान बंद रहीं। सबसे खास बात यह रही कि मुस्लिम बाजारों में भी बंद रखा गया।
- जनपदवासियों ने जनता कर्फ्यू में अपने घरों में रहकर इसे सफल बनाया। इसके लिए जनता आभारी है। उम्मीद है कि अगर आगे भी इस तरह का आह्वान होता है तो जनता कोरोना चेन को तोड़ने में सहयोग करेगी। - चंद्रभूषण सिंह डीएम
- पुलिस प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है। जिलेभर में कहीं से भी किसी तरह की अप्रिय सूचना नहीं मिली है। जनता ने जो सहयोग दिया है, उसके लिए जनता आभारी है। भविष्य में भी इसी तरह के सहयोग की उम्मीद है। - मुनिराज जी एसएसपी