कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एग्रो क्लाइमेटिक जोन स्तरीय आगरा एवं अलीगढ़ मंडल का तीन दिवसीय विराट किसान मेला विवादों के साये में है। गुरुवार को उद्घाटन के दौरान एक भी जनप्रतिनिधि के कार्यक्रम में शिरकत न करने को लेकर प्रशासनिक अफसरों पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर अनुज कुमार ने दावा किया है कि विभाग की ओर से सभी ब्लॉक प्रमुख एवं नवनिर्वाचित विधायकों को कार्ड भेजे गए हैं। हालांकि उन्होंने यह कह कर मामले को उलझा दिया कि कार्ड मिले या नहीं मिले, इसकी जांच कराई जा रही है।
धनीपुर मंडी में आयोजित तीन दिवसीय मेले का उद्घाटन आयुक्त अलीगढ़ मंडल सुभाष चंद शर्मा ने दीप प्रज्जवलन कर व स्टालों का निरीक्षण कर किया। उन्होंने कहा कि इस मेले से गन्ना और मक्का आदि खरीफ किसानों को फायदा होगा। मंडल में गंगा और यमुना के खादर इलाके के किसानों को गन्ना बोने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने पशुपालन, जैविक खेती, गोबर की देशी खाद, कुक्कुट पालन, गोबर गैस प्लांट आदि विषयों पर भी चर्चा की। किसानों से रासायनिक उर्वरकों के बजाय प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया।
अधिक आय प्राप्त करने के लिए कृषि विविधीकरण अपनाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी हृषिकेश भास्कर याशोद ने किसानों से मृदा परीक्षण अपनाने पर बल देते हुए कहा कि मृदा परीक्षण एक ऐसी प्रक्रिया है जिसके द्वारा मृदा में उपस्थित पोषक तत्वों की जानकारी तथा आगामी उगायी जाने वाली फसल में पोषक तत्वों की मांग को निर्धारित किया जा सकता है। गोष्ठी में किसान नेता हरपाल सिंह ने बंद पडे़ तीन कोल्ड स्टोर खोलने की मांग की। कई और किसानों ने अपने शिकायती पत्र मंडलायुक्त को सौंपे।
सेवानिवृत्त जिला कृषि अधिकारी चौधरी सुखवीर सिंह ने बदलते पर्यावरण पर प्रकाश डाला। उप कृषि निदेशक अनिल कुमार ने जैविक खेती, कृषकों के रजिस्ट्रेशन व फसल बीमा पर चर्चा की। इस मौके पर संयुक्त कृषि निदेशक जेएस राठौर, उप निदेशक कृषि रक्षा डा. राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक शोध प्रशांत कुमार, उप कृषि निदेशक भूमि संरक्षण दीदार सिंह, उप संभागीय कृषि अधिकारी डा. निधि राठौर, कृषि वैज्ञानिक डा. पीके शर्मा, एनडी शर्मा समेत अन्य वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ मौजूद थे।
स्टाल रहे आकर्षण का केंद्र
कृषि मेले में विभिन्न कंपनियों की जायद के बीज, यंत्र, साहित्य एवं जैविक उत्पादों से संबंधित रजिस्ट्रेशन संबंधी दर्जनों स्टालें किसानों के आकर्षण का केंद्र रहीं। बीमा कंपनी के अधिकारियों ने भी मौके पर आकर किसानों की फसल के बीमे किए।
जेडी कृषि ने ग्रहण किया कार्यभार
कृषि विभाग के संयुक्त कृषि निदेशक अलीगढ़ मंडल के पद पर जेएस राठौर ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उल्लेखनीय है कि अभी तक संयुक्त कृषि निदेशक का चार्ज अतिरिक्त प्रभार के रूप में उप निदेशक कृषि अनिल कुमार देख रहे थे।