संयुक्त आयुक्त उद्योग बीरेंद्र कुमार ने बताया कि ताला नगरी में स्थापित औद्योगिक इकाइयों में छह से आठ हजार मजदूर कार्य करते हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष नेकराम शर्मा की बात को आगे बढ़ते हुए कहा कि तालानगरी पर बने सिटी बस अड्डे पर 10 मिनट सिटी बस के ठहराव के निर्देश हैं, लेकिन इसका अनुपालन नहीं हो रहा है। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा के पास पांच से छह बजे के बीच बसों को खड़ी करने की भी मांग की है। सिटी बस प्रबंधक ने बताया कि इस अवधि में सात बसों का संचालन होता है। यहां बने प्रत्येक चौराहे पर बसों का ठहराव होता है। यह व्यस्ततम चौराहा होने की वजह से यहां ज्यादा देर बस नहीं ठहर सकतीं।
यूपीएसआईडीसी और अमर उजाला चौराहे पर लगेंगी स्ट्रीट लाइट
ताला नगरी औद्योगिक क्षेत्र के यूपी स्टेट इंडस्ट्रीयल डेवलेपमेंट कार्पोरेशन (यूपीएसआईडीसी) और अमर उजाला चौराहा पर विकास प्राधिकरण द्वारा ट्रैफिक लाइट लगवाने का निर्णय लिया गया। यह दोनों व्यस्त चौराहे हैं।
प्लॉट आवंटित किए जाने के बाद भी नहीं बना दमकल स्टेशन
ताला नगरी में यूपीएसआईडीसी के दमकल विभाग को निशुल्क प्लॉट आवंटित किए जाने के बाद भी स्टेशन और कार्यालय नहीं बना है, जिसपर उद्यमियों ने रोष जताया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के इस संबंध में अग्निशमन विभाग को पत्राचार न करने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उद्यमी चंद्रशेखर शर्मा ने कहा कि यह मामला 30 से 35 वर्ष से लंबित है, परंतु कोई जिम्मेदारी नहीं उठा रहा है।