दिल्ली दंगों में अदालत में तलब किए जाने के बाद सुर्खियों में आए सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता महमूद प्राचा के अलीगढ़ आने की खबर से खुफिया तंत्र सक्रिय हो गया है। संकेत हैं कि वे सीएए-एनआरसी विरोधी गतिविधियों की तैयारियों के लिए आए थे। एजेंसियां ये जानकारी जुटाने में लगी हैं कि वे यहां किससे, कहां मिले और क्या चर्चाएं रहीं। अंदरखाने खबर है कि उन्होंने शहर में दो जगह कुछ लोगों से मीटिंग की हैं।
दिसंबर में सीएए-एनआरसी आंदोलन एएमयू से शुरू हुआ था, जिसके बाद उसकी लपटें शहर भर में दिखाई दीं। लंबे समय तक शहर के शाहजमाल, फिर ऊपरकोट और बाद में जीवनगढ़ तक में धरने हुए। इस दौरान सांप्रदायिक उपद्रव तक हुए और एक युवक की जान गई। हालांकि पुलिस प्रशासनिक प्रयास से बाद में माहौल सामान्य हुए।
सभी धरने भी खत्म हुए। मगर अब एक बार फिर इसके विरोध में गतिविधियों की सूचनाएं मिल रही हैं। इसी कड़ी में महमूद प्राचा शनिवार को यहां आए हैं। खुफिया सूत्रों ने जो जानकारी जुटाई है, उसके अनुसार वे अलीगढ़ आए। इसके अलावा मेडिकल रोड पर किसी जगह एक बैठक की और फिर खैर रोड इलाके में भी एक बैठक हुई। इसे लेकर सभी जानकारियां जुटाने पर एजेंसियां काम कर रही हैं।
- महमूद प्राचा के शहर में आने और कुछ लोगों संग बैठक करने की सूचनाएं मिली हैं। उनके विषय में जानकारी जुटाई जा रही हैं, जो भी नियम विरुद्ध होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।-मुनिराज जी एसएसपी