इनर व्हील क्लब की सदस्य और पदाधिकारी स्रोत संस्था
अलीगढ़। इनर व्हील क्लब ऑफ अलीगढ़ की 11वीं वार्षिक चैरिटी प्रदर्शनी 21 अक्टूबर को आयोजित होगी। इसका उद्देश्य घरेलू उत्पाद तैयार करने वाली महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रदर्शनी से प्राप्त धनराशि क्लब की समाजसेवी और जनकल्याणकारी गतिविधियों पर खर्च की जाएगी।
प्रदर्शनी में सूट, साड़ी, होम डेकोर, ग्रीन गिफ्ट्स, बेडशीट, दोहर समेत घर और जीवनशैली से जुड़ी कई तरह की वस्तुओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें बरेली, दिल्ली, आगरा, वाराणसी, जयपुर और मुजफ्फरनगर के विक्रेता भी हिस्सा लेंगे। आयोजन के जरिए घर से कारोबार करने वाली महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और ग्राहकों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा।
क्लब की अध्यक्ष भारती जुनेजा, सचिव वर्षा अग्रवाल, उपाध्यक्ष पूनम धीरेन्द्र और कोषाध्यक्ष संगीता खुराना आयोजन की तैयारियों में जुटी हैं। प्रदर्शनी में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. मनीषा बाजपेयी और एसोसिएशन वाइस प्रेसिडेंट सोनल बंसल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं, समाजसेवी पूजा सिंघल, डिस्ट्रिक्ट वाइस चेयरमैन ज्योति मित्तल और पीडीसी डॉ. दिव्या लेहरी विशिष्ट अतिथि रहेंगी।