शासन के निर्देश पर प्रदेश भर की जेलों में रविवार सुबह-सुबह हुई छापेमारी के क्रम में जिला कारागार में भी डीएम-एसएसपी की अगुवाई में जिले भर के फोर्स ने छापेमारी की। हालांकि जिस तरह एकाएक फोर्स पहुंचा, उसे देख बाहर के लोग यह समझ बैठे कि अंदर कुछ गड़बड़ है। मगर कुछ ही देर में स्थिति स्पष्ट हो गई कि औचक छापा है। करीब सवा घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सब कुछ सामान्य मिला।
पिछले दिन आजमगढ़ की जेल में काफी संख्या में मोबाइल मिलने की घटना के बाद प्रदेश भर की जेलों में सुबह साढ़े आठ बजे औचक छापेमारी कराई गई। इसे लेकर डीएम डॉ. बलकार सिंह, एसएसपी जे रविंदर गौड़ ने पुलिस लाइंस के अर्दली रूम पर जिले भर का फोर्स एकत्रित किया। इसके बाद छापेमारी हुई।
जिस समय अधिकारी पहुंचे, उस समय जेल के अधिकारी भी तैयार नहीं थे। मगर अंदर कुछ नहीं मिला। खुद डीएम ने इसकी पुष्टि की और बताया कि जेल में औचक छापे में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। इस मौके पर एडीएम सिटी, एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, एसपी ट्रैफिक, एसपी क्राइम, एसपीआरए, सभी सीओ के अलावा इंस्पेक्टर सिविल लाइंस, बन्नादेवी, कोतवाली, गांधीपार्क, देहली गेट, क्वार्सी, पालीमुकीमपुर, हरदुआगंज, छर्रा आदि थानों के प्रभारी मौजूद रहे।