दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात समेत अन्य जनपदों और प्रदेशों में जमात में शामिल होकर लौटे 93 जमाती अब तक पकड़े जा चुके हैं। इनमें दो श्रीलंकाई समेत 72 जमाती बाहर से आए थे तो 21 स्थानीय लोग बाहरी प्रदेशों व जनपदों में हुई जमात में शामिल होकर लौटे हैं। इन सभी की जांच हो चुकी है। इनमें मिर्जा चांदपुर अकराबाद के जमाती को परीक्षण के बाद हरदुआगंज सीएचसी में क्वारंटीन किया गया है, बाकी को संबंधित मस्जिदों में ही क्वारंटीन किया गया है।
निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के बाद कई लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर के बाद जिले भर में मस्जिदों व मदरसों में जमातियों की तलाश की गई थी। इस दौरान कोतवाली इलाके के रंगरेजान मोहल्ला मस्जिद से 13 जमाती पकड़े गए। यह निजामुद्दीन मरकज से दो माह पहले यहां आए थे। पकड़े गए 13 में से 2 श्रीलंका के रहने वाले हैं। बाकी अन्य शहर-प्रदेशों लोग हैं। इधर, जवां थाना पुलिस ने कासिमपुर मस्जिद से 12 जमातियों को पकड़ा। कुल मिलाकर 25 लोग पकड़े गए। इन सभी के स्वास्थ्य की जांच कराने के बाद पुलिस-प्रशासन की निगरानी में इनको मस्जिदों में ही क्वारंटीन कर दिया है। कार्रवाई में जनपद में कुल 21 ऐसे लोग मिले हैं, जो जमात करके यहां लौटे हैं।
इनमें मिर्जा चांदपुर का शहादत भी शामिल है। बताते चलें कि शहादत का कोरोना का प्राथमिक परीक्षण पाजीटिव मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया था। गनीमत यह रही कि उसके बाद हुए फाइनल टेस्ट में उसकी रिपोर्ट निगटिव निकली। वहीं, 72 ऐसे लोग पकड़े गए हैं, जो कि जमात के तौर पर अलीगढ़ में आए थे। यह सभी पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में क्वारंटीन में हैं।
रंगरेजान मोहल्ला, कोतवाली में पकड़े गए 13 जमातियों के संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह ने बताया कि यह सभी लोग देश के अलग-अलग शहरों और राज्यों के हैं। इनमें से दो श्रीलंका के हैं, जिनके नाम क्त्रस्मशऱ् मो. मुर्शीद पुत्र पाकीर अली और एमजे हिपलुररहमान पुत्र जिहार है। जमात से पूछताछ में पता लगा कि यह दो माह पहले निजामुद्दीन मरकज से जमात के लिए निकले थे। दो माह से शहर और देहात की अलग-अलग मस्जिदों में रुकने के बाद बुधवार को यहां पहुंचे। इन सभी की जांच कराकर मस्जिद में ही क्वारंटीन कर दिया गया है।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि तलाशी अभियान के पहले दिन मंगलवार को देहली गेट थाना क्षेत्र के जंगलगढ़ी मस्जिद से 09 जमाती, कोतवाली इलाके की उस्मानपाड़ा मस्जिद से 12 और गोविंदनगर स्थित मस्जिद से 10, रंगरेजान मस्जिद 13, जवां थाना क्षेत्र के पिलोनी गांव की मस्जिद से 16, कासिमपुर गांव की मस्जिद से 12 जमाती पकड़े गए। जवां के रिगासपुर में 04, खैर में 01 और लोधा थाना क्षेत्र के गांव नौगंवा अर्जुनपुर में 15 सहित कुल 21 लोग ऐसे मिले हैं, जो हाल में दूसरे शहरों या प्रदेशों से जमात कर लौटे हैं। अब तक जनपद में 600 के करीब छोटी-बड़ी मस्जिदों और 150 के करीब मदरसों की चेकिंग की जा चुकी है।
कोरोना वायरस की जांच के लिए तीन नमूना भेजा
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को कोरोना वायरस की जांच के लिए स्वाब के तीन नमूने जेएन मेडिकल कॉलेज के लैब में भेजा है। हरदुआगंज के आइसोलेशन वार्ड से दो युवकों का नमूना लिया गया। एक युवक छर्रा का है जबकि दूसरा जवां का निवासी है। बीमार होने के बाद दोनो का उपचार चल रहा है। जबकि छेरत स्थित राजकीय होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज के क्वारंटीन में भर्ती एक युवक का नमूना लिया गया है। तीनों मरीजों की रिपोर्ट मंगलवार तक आने की उम्मीद है।