डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की परीक्षाओं में दबंगई से नकल चल रही है। इसे रोकने में विवि प्रशासन विफल साबित हो रहा है। इतना ही नहीं पुलिस की व्यवस्था न होने के कारण सचल दल भी डरे हुए हैं। इगलास के एक कॉलेज में सूचना पर पहुंचे सचल दल ने कॉलेज मालिक के बेटे से एक संदिग्ध सूची मिली, जिसे नोकझोंक के दौरान छीन लिया गया। परीक्षा केंद्रों पर न स्टेटिक मजिस्ट्रेट हैं और न ही पुलिसकर्मी। ऐसे में नकल माफिया के हौसले बुलंद हैं। शनिवार को नोडल अधिकारी ने खुद अकेले ही 19 नकलचियों को पकड़ा। जबकि अन्य जगहों पर छह नकलची पकड़े गए। इन सभी को रेस्टीकेट कर दिया गया है।
आगरा विश्वविद्यालय की सूचना पर शनिवार शाम की पाली में इगलास के बौहरे हरी सिंह महाविद्यालय में जब नोडल अधिकारी व खैर राजकीय कालेज के प्राचार्य डॉ. सोहन सिंह निरीक्षण करने पहुंचे तो उन्हें स्कूल का गेट बंद मिला। सोहन सिंह ने बताया कि स्कूल के गेट पर बैठे मालिक से जब गेट खोलने की कहा गया तो उसने नहीं खोला। काफी जद्दोजहद के बाद जब गेट खुला तो अंदर परीक्षार्थी किताब रखकर नकल कर रहे थे। इसके अलावा एक कमरे में कॉलेज मालिक के बेटे के हाथ से दस्तावेज जब्त किए। टीम को एक सूची मिली, जिससे दूसरी तरह उपस्थिति दर्ज की जा रही थी। यहां टकराव के हालात बन गए। टीम ने दो नकलचियों को पकड़ा तथा उन्हें रेस्टीकेट किया। इसके बाद टीम बाहर की ओर चल दी। वापस लौटते में कॉलेज में मौैजूद लोगों ने नोडल अधिकारी के हाथ से जब्त की गई सूची छीन ली। ऐसे में नोडल अधिकारी जानमाल के नुकसान को देखते हुए वापस चले आए।
अब सवाल उठता है कि नकल पर लगाम के लिए पुलिसकर्मी तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी क्यों नहीं लगाई गई है। नोडल अधिकारी ने खैर व इगलास क्षेत्र में 19 नकलची पकड़े। एसवी कॉलेज में दो नकलची पकड़े गए। जबकि डीएस कालेज के फ्लाइंग स्क्वाड ने तीन नकलचियों को पकड़ा। इसके अलावा मां कुंती देवी डिग्री कालेज में एक नकलची पकड़ा गया। इन सभी को रेस्टीकेट किया गया है।
यहां पकड़े गए नकलची
फतेह सिंह महाविद्यालय बांकनेर खैर में नौ नकलची पकड़े गए। चौ. साहब सिंह बोहरे महाविद्यालय गौमत में दो, ज्ञान विज्ञान महाविद्यालय पखौदना टप्पल में सात, विश्वकर्मा महाविद्यालय में दो, बौहरे हरी सिंह महाविद्यालय इगलास में दो, एसवी कॉलेज में दो तथा मां कुंती देवी डिग्री कालेज दूधमा में एक नकचली पकड़ा गया।
यह थी परीक्षाएं
सुबह की पाली में बीकॉम, बीए व बीएससी तृतीय वर्ष की फिजिक्स व बॉटनी की परीक्षा थी। दूसरी पाली में बीएससी, बीए व बीकॉम प्रथम वर्ष की फिजिक्स व बॉटनी की परीक्षा थी। वहीं तीसरी पाली में बीएससी, बीए व बीकॉम द्वितीय वर्ष की फिजिक्स व बॉटनी की विषय की परीक्षा थी। अतरौली के वीरांगना अबंतीबाई राजकीय डिग्री कालेज में 15 मिनट देरी से परीक्षा शुरू हुई। बताया गया कि गार्ड किसी काम से बाजार चला गया था। इससे उसकी जेब में चाभी भी चली गई थी। 15 मिनट बाद जब गार्ड आया तो दरवाजा खुला और परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
नोडल अधिकारी डा. सोहन सिंह का कहना है कि चौ. बोहरे सिंह महाविद्यालय इगलास में अनियमितताएं मिली थीं। विद्यार्थी नकल कर रहे थे। वहीं कालेज संचालक के लड़के से एक सूची हाथ लगी थी। जिसे टकराव के बीच छीन ली गई थी। आगरा विवि को रिपोर्ट दी जा रही है।
आगरा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक मित्तल का कहना है कि नकल की सूचना मिलने पर ही नोडल अधिकारी को विद्यालय में भेजा गया था। मामला संज्ञान में है। रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी। वहीं जिलाधिकारी के माध्यम से पुलिस फोर्स की व्यवस्था भी कर दी गई है। सभी फ्लाइंग स्क्वायड आवश्यकता पड़ने पर पास के थाने से पुलिसकर्मी अपने साथ ले सकते हैं।