महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के धौर्रा माफी इलाके की महिला ने अपने पति व ससुरालियों पर दहेज न मिलने दूसरा निकाह करने और तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
धौर्रा इलाके की निवासी फिरदौस ओर से दर्ज मुकदमे के अनुसार 7 नवंबर 2009 को उसका निकाह धौर्रा के ही हादी नगर निवासी फहद अली के साथ हुआ था। निकाह में दिए गए दहेज से ससुराली खुश नहीं थे। पांच लाख और मांगते हुए उसे तंग किया जाने लगा। उसका पति कतर की राजधानी दोहा में नौकरी करता था। इस बीच वह उसे अपने साथ वहां भी ले गया और वहां भी उसके साथ मारपीट हुई, तभी उसे पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। इस संबंध में उसने अपने भाई को पूरा वाकया बताया तो इसकी शिकायत भाई ने मेल के जरिये पुलिस से की। अब उसे पति वापस अपने देश लेकर आया और वीजा-पासपोर्ट गायब कर 8 मई को एक और शादी कर ली। इसका विरोध जताने वह ससुराल गई तो उसके पति ने उसे तीन तलाक बोलकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार इस संबध्ंा में पति के अलावा सास राना बेगम, रिश्तेदार मुदस्सर अली खान, देवर फैजान खां आदि पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पति व सास पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
अलीगढ़। महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के नगला मल्लाह की राजदा ने अपने पति व सास पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमे के अनुसार उसका निकाह धौर्रा के महमूद संग 5 दिसंबर 2018 को हुआ था। अब पति व सास उसे दहेज के लिए तंग करते हैं। पिछले दिनों उसे पीटा गया, जिससे उसका हाथ टूट गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर के अनुसार मुकदमे में जांच की जा रही है।