कस्बे के मोहल्ला अहीरपाड़ा में सोमवार को पूर्व वार्ड सदस्य के पति को पड़ोसियों द्वारा घर में घुसकर बेहरमी से पीटकर घायल कर दिया। मंगलवार की शाम को निजी अस्पताल में घायल ने दम तोड़ दिया। मौत से घर में कोहराम मच गया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मृतक योगेश यादव के भाई अशोक यादव पुत्र रामस्वरूप यादव ने बताया कि भाभी बीना यादव वार्ड सदस्य रही हैं। वह कुछ दिन पहले बच्चों की छुट्टी होने पर दो बच्चों को लेकर मायके चली गई थीं। आठ जून की रात को बड़े भाई योगेश यादव घर में अकेले सो रहे थे। आधी रात को मोहल्ले के ही योगेंद्र यादव, संजय यादव, चिन्टू यादव, बाबू व मीका ने घर का गेट खटखटाया।
भाई द्वारा गेट खोलने पर सभी घर में घुस गए और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से भाई पर हमला बोल दिया। मारपीट से भाई बेहोश हो गए और उनको मरा जानकर नामजद लोग भाग गए। भाई को निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां मंगलवार की शाम 4:30 बजे भाई ने दम तोड़ दिया। जानलेवा हमले की रिपोर्ट मृत्यु से मात्र पौन घंटे पहले ही लिखाई गई थी। वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक हरिभान सिंह राठौर का कहना है कि रिपोर्ट को हत्या में तरमीम किया जाएगा। नामजदों की तलाश में पुलिस टीम गठित कर दी गई हैं।