बन्नादेवी थाना क्षेत्र के सारसौल में रविवार को नोएडा के युवक विकास की हत्या में नामजद पति-पत्नी को पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। इससे पहले इन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था। मूल रूप से कीरतपुर निवाना लोधा निवासी सुंदर लाल यहां सारसौल अग्रवाल ढाबा के सामने गली में रहता है। वह खुद हिमाचल प्रदेश में एक फैक्टरी में काम करता है। यहां उसकी पत्नी पायल उर्फ कमलेश व दो बच्चे रहते हैं।
वाकया रविवार देर शाम का है, जब सुंदर अपने घर आया तो पत्नी के साथ युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिला। इस पर सुंदर ने नोएडा के रघुपुरा के आकलपुर निवासी विकास की हत्या कर दी। इस मामले में विकास के भाई आकाश ने साजिश के तहत सुंदर व पायल उर्फ कमलेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर बन्नादेवी धीरेंद्र मोहन के अनुसार मंगलवार को दोनों नामजद आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।