शातिर कार चोर होण्डा सिटी कार व तमंचा के साथ गिरफ्तार
- फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़। मडराक क्षेत्र में लग्जरी कार चोरी कर बेचने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार किए हैं। ये दोनों नोएडा से चोरी की गई एक होंडा सिटी कार में एक महीने से घूम रहे थे। खास बात यह है कि ये इस कार के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। मगर, सौदा नहीं पट पा रहा था। कार पर इन्होंने दिल्ली की ईको वैन की नंबर प्लेट लगा रखी थी। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
एसओ मडराक राजीव कुमार के अनुसार आगरा रोड हाजीपुर चौहट्टा रेलवे पुल पर वाहन चेकिंग के दौरान होंडा सिटी कार को रोका गया तो उसमें सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया। जब कार को घेरकर रोकने के बाद चेकिंग की गई तो उसमें दो नंबर प्लेट मिलीं। एक नंबर प्लेट हरियाणा नंबर की थी, जबकि दूसरी दिल्ली नंबर की थी। जांच में पता चला कि इसका मूल नंबर दिल्ली का है और मालिक नोएडा का है।
एक महीने पहले इन्होंने कार नोएडा से चोरी की थी। फिलहाल, हरियाणा का जो नंबर लगा रखा था, वह दिल्ली के किसी व्यक्ति की ईको वैन का था। इनके पास से तमंचा, करतूस आदि भी बरामद हुए। पकड़े गए लोगों ने अपने नाम दौलत सैनी पुत्र जगदीश सैनी निवासी राजपुर थाना सिंभावली हापुड़ व आकाश पुत्र शशि उर्फ सैठी निवासी श्रीधाम कालोनी नगला मंदिर मडराक बताया। उन्होंने स्वीकारा कि कार चोरी करने के बाद बेच नहीं पाए थे। सही कीमत न मिल पाने के कारण सौदा नहीं हो पा रहा था। इससे पहले भी वे कई कार चोरी कर बेच चुके हैं। लग्जरी कार चुराते थे। इसलिए लोग शक नहीं करते थे।