हाथरस अड्डा पर जाम में फसी एम्बुलेंस व नो एंट्री में चल रहे ट्रक।
- फोटो : CITY OFFICE
जनता को जाम से निजात दिलाने के लिए बीते आठ दिसंबर को एसपी यातायात की अध्यक्षता में रोडवेज व नगर निगम सहित परिवहन विभाग की बैठक हुई। इसमें शहर में रोडवेज बसों के लिए वन-वे व्यवस्था व गांधी पार्क से सासनी गेट तक ई-रिक्शा, ऑटो के संचालन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय हुआ। मगर, यह निर्णय आज तक कागजों से बाहर नहीं आसा है। न तो वन-वे व्यवस्था का पालन हुआ और न ही ई-रिक्शा, ऑटो पर प्रतिबंध लगा।
हाल यह है कि शुक्रवार को दिन में नो एंट्री के दौरान ट्रक को सासनी गेट चौराहा से शहर के भीतर प्रवेश दे दिया गया। इसके चलते हाथरस अड्डा से लेकर मदार गेट तक जाम लग गया। दोपहर में लगा जाम शाम तक नहीं खुल सका। इस दौरान दो एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। मगर, इनके सायरन की गूंज न तो पुलिस को सुनाई दी और न ही अन्य जिम्मेदार विभागों को। दूसरी ओर जाम में फंसने के बाद भी रोडवेज बस हो या ई-रिक्शा-ऑटो, जिसके चालक का जहां मन हुआ बेतरतीब तरीके से सड़क पर ही वाहन खड़ा करके सवारियों को भरने लगा।