मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को अलीगढ़ आ रहे हैं। इससे पूर्व प्रशासन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया है। सभी कोविड अस्पतालों की समीक्षा की जा रही है। इस बीच धनीपुर क्षेत्र में होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को दवा उपलब्ध न कराने की शिकायत पर डीएम ने एमओआईसी को फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि सभी कोविड संबंधी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन से पूर्व डीएम चंद्रभूषण सिंह ने अधीनस्थों के साथ कोविड व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निर्देश दिए कि कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों का तत्काल उपचार शुरू कराते हुए उनके संपर्कियों की गहनता से जांच कर लक्षणों के आधार पर सैंपलिंग कराना सुनिश्चित करें, जो संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में रह रहे हैं, उनको प्रत्येक दशा में दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निगरानी टीमें प्रत्येक गांव में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से दवा की किट उपलब्ध करा दी जाए। चिकित्सा अधीक्षक स्वयं भ्रमण कर दवा वितरण का जायजा लेें। दवा वितरण में उपजिलाधिकारी अपनी तहसील के लेखपाल एवं जिला पूर्ति अधिकारी अपने कोटेदारों को लगाएं।
डीएम ने विकास खंड धनीपुर में होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को दवा उपलब्ध न कराने पर एमओआईसी को चेतावनी देते हुए तत्काल दवा उपलब्ध कराने के आदेश दिए। मलखान सिंह जिला अस्पताल में ऑक्सीजन के 100 बेड तैयार कराने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि नगर मजिस्ट्रेट प्रतिदिन ऑक्सीजन के 200 सिलिंडर मलखान सिंह जिला अस्पताल को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। 50 बेड के प्रभारी डॉ. सिंधु एवं 50 बेड के प्रभारी डॉ. प्रवीन रंजन को नामित किया।
एडीएम न्यायिक ने प्राइवेट अस्पतालों का किया निरीक्षण
एडीएम न्यायिक राकेश पटेल ने बुधवार को एसीएम प्रथम केवी सिंह के साथ रूसा, एसजेडी व वरुण प्राइवेट कोविड हॉस्पिटल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्राइवेट कोविड हॉस्पिटल के निरीक्षण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की जाएगी।