गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर महिलाओं को प्रवचान देती पूजा शकुन पांड़ेय।
- फोटो : CITY OFFICE
महामंडलेश्वर मां अन्नपूर्णा भारती डॉ. पूजा शकुन पांडेय ने कहा कि अब समय बदल गया है। अब कम से कम प्रत्येक हिंदू महिला को पांच बच्चे पैदा करने होंगे। शुक्रवार को सनातन हिंदू सेवा संस्थान की ओर से डॉ. पूजा शकुन पांडेय के सानिध्य में सनातन भव कावेरी इको बी दास कंपाउंड नौरंगाबाद में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को बचाने का दायित्व महिलाओं के कंधों पर है। हिंदू समाज के पतन का कारण कम बच्चे पैदा होना माना जा रहा है। हिंदू समाज की महिलाओं ने बिना कानून बने ही हम दो हमारे दो के अलावा हम दो हमारे एक जैसे फार्मूले को अपने जीवन में उतार लिया है। अब समय बदल गया है। अब कम से कम प्रत्येक हिंदू महिला को पांच बच्चे पैदा करने होंगे। उन्हें सक्षम शस्त्र और शास्त्र दोनों का ज्ञान देना होगा। उनके लालन-पालन में यदि कोई समस्या हो, तो वह व उनका संस्थान वचनबद्ध है। जो बच्चे पैदा करेंगे, उसकी शिक्षा दीक्षा पूर्ण जिम्मेदारी हमारी होगी। अपनी बच्चियों को योद्धा के रूप में तैयार करें, इतना मजबूत कि दुश्मन का सीना चीर कर आगे बढ़े। उनके लिए आदर्श बॉलीवुड की नृत्यांगना न होकर रानी पद्मावती, रानी लक्ष्मी बाई जैसी वीरांगना होनी चाहिए। मां अन्नपूर्णा भारती ने कहा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में गुरु होना चाहिए। गुरु वह हो, जो हमारे गुरूर का नाश कर दे, गुरुत्व को बढ़ा दे, हमें गुर सिखा दे, हमारी समस्या बताने से पहले वह समझ जाए। महिलाओं ने भजन, संगीत नृत्य के साथ महोत्सव को आनंदमय बनाया। इस अवसर पर जयवीर शर्मा, हरिशंकर, गजेंद्र पाल सिंह आर्य, अभिषेक गुप्ता आदि मौजूद रहे।