पश्चिम बंगाल के मजदूर रेलगाड़ी से अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। स्टेशन से एक टेंपो में बैठकर खैर के एक भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे थे। जैसे ही टेंपो अलीगढ़-पलवल-खैर मार्ग पर गांव ल्हौसरा के पास ट्रांसपोर्ट नगर के सामने पहुंचा तो अलीगढ़ की तरफ आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से टेंपो में टक्कर मार दी।
अलीगढ़-पलवल खैर हाईवे स्थित गांव ल्हौसरा के पास 27 नवंबर सुबह करीब 4:30 बजे हाईवा (बड़ी क्रेन) ने सवारियों से भरे एक टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में भट्ठे पर काम करने वाले एक मजदूर की मौत हो गई। आठ से अधिक लोग घायल हो गए। सभी भट्ठा मजदूर पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
लोधा पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल के कूच बिहार के थाना दीना टाहा के गांव छोटूजीला निवासी संध्या वर्मन पत्नी जतिन वर्मन, जतिन वर्मन, लवली वीवी पत्नी दिलेर हुसैन, रंजीत वर्मन, रिंकू वर्मन पत्नी रंजीत वर्मन, अलामीन, दिलेर हुसैन (32) व गुलफान, निवासी बाजना थाना नौहझील, मथुरा रेलगाड़ी से अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। स्टेशन से एक टेंपो में बैठकर खैर के एक भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे थे।
जैसे ही टेंपो अलीगढ़-पलवल-खैर मार्ग पर गांव ल्हौसरा के पास ट्रांसपोर्ट नगर के सामने पहुंचा तो अलीगढ़ की तरफ आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार सभी मजदूर घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर आ गए। सूचना पर पहुंची लोधा पुलिस ने घायलों को जिला मलखान सिंह अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दिलेर हुसैन को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घायलों का जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।