फरवरी के अंत में मौसम ने अचानक पलटी मारी है। जहां एक और लोगों ने स्वेटर छोड़कर खाली कमीज में आ गए थे, वहीं 28 फरवरी की रात 9 बजते ही अलीगढ़ में बारिश के साथ तेज ओलावृष्टि हुई है।
शहर में रात 9 बजे अचानक मौसम ने करवट बदली और बारिश के साथ तेज ओलावृष्टि होने लगी। छत पर चारों ओर ओले ही नजर आने लगे। लगातार पांच मिनट तक ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई है। मौसम में ठंडक बढ़ गई है। लोगों ने गर्म कपड़े छोड़कर पंखे भी चलाना शुरू कर दिए थे। ओलावृष्टि होने से पंखे फिर से बंद हो गए और लोगों ने गर्म कपड़े और रजाई बाहर निकाल ली है।
आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। शाम होते-होते मौसम गड़बड़ाने लगा। रात होते ही बारिश के साथ ओलावृष्टि हो गई। बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और ओलावृष्टि हुई है,जिससे तापमान में भी गिरावट आई है।
शहर से देहात तक ओले की बारिश
अलीगढ़ शहर से देहात तक बारिश के साथ जमकर ओले बरसे। करीब 20 मिनट हुई बारिश के चलते तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक (28 डिग्री से 26 डिग्री सेल्सियस) गिरावट आ गई। साथ ही ओलों से घरों की छतों पर सफेद चादर बिछ गई। जबकि बारिश के चलते शहर में विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया। अलीगढ़ नुमाइश परिसर में बारिश के चलते पूरी तरह अव्यवस्था फैल गई। नुमाइश देखने आए लोगों ने भीगते हुए किसी तरह अपने घर की राह पकड़ी। बारिश के चलते शहर और देहात के अलग-अलग इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।