एनएचयूएम के तहत आउट सोर्सिंग पर भर्ती हुए कार्मिकों ने मानदेय न मिलने पर शनिवार को सीएमओ कार्यालय पर हंगामा किया। सीएमओ ने संबंधित कंपनी से जल्द मानदेय रिलीज कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह शांत हुए।
नेशनल अर्बन हेल्थ मिशन के तहत जिले की यूपीएचसी, हेल्थ वेलनेस सेंटर व पीएम अभीम पर आउटसोर्सिंग कंपनी के जरिए सपोर्टिंग स्टॉफ तैनात किया गया है, जिससे यह केंद्र खुले रहें। इन केंद्रों पर तीस लोग तैनात हैं। इनमें से 26 आउटसोर्सिंग कंपनी से हैं। इन कार्मिकों का वेतन जुलाई 2025 से नहीं मिला है। कार्मिकों का कहना है कि उन्हें दिवाली पर कंपनी ने मानदेय देने का आश्वासन दिया था, लेकिन नहीं आया। इसपर सभी कार्मिक एकत्रित होकर सीएमओ कार्यालय पहुंच गए। वेतन न मिलने पर हंगामा किया। उनका आरोप था कि संबंधित कंपनी पिछले एक साल से उनका पीएफ भी जमा नहीं कर रही है। थोड़ी देर बाद वहां सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह भी पहुंच गए। सीएमओ ने पूरा मामला जाना तथा कार्मिकों को जल्द मानदेय रिलीज कराने तथा पीएफ दिलाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने आउटसोर्सिंग कंपनी से भी बात की। इसके बाद सभी कार्मिक वहां से लौटे।