स्वास्थ्य विभाग की ओर सोमवार से शुरू किए जाने वाले मिशन इंद्रधनुष 4.0 अभियान को लेकर सीएमओ कार्यालय में शनिवार को संयुक्त निदेशक डॉ. वीके सिंह, देवेंद्र वार्ष्णेय व सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने बैठक का आयोजन किया। बैठक में सघन मिशन इंद्रधनुष 4.0, क्षय रोग उन्मूलन, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस व पल्स पोलियो अभियान के साथ ही बच्चों को एल्बेंडाजोल की टेबलेट वितरण की आगामी योजना बताईं। यह अभियान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संचालित करेंगी।
मंडलीय आरबीएसके के नोडल अधिकारी डॉ. देवेंद्र वार्ष्णेय ने मार्च महीने में संचालित होने वाली गतिविधियाें को ठीक प्रकार से संचालित करने के निर्देश दिए। संयुक्त निदेशक डॉ. वीके सिंह ने कहा कि शासन की ओर से संचालित अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मार्च माह में चार महत्वपूर्ण कार्यक्रम संचालित होंगे। उन्होंने बताया कि कोविड के समय में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम शिथिल हो गया था।
जिसकी वजह से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को टीकाकरण में वंचित कर दिया गया था। नियमित टीकाकरण से जो बच्चे छूट गए थे, उन सभी बच्चों को डोर टू डोर सर्वे करके चिह्नित किया गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सूचित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र व शहरी क्षेत्र की सभी सीएचसी व पीएचसी पर डोर टू डोर बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चिह्नित करके टीका लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने कहा कि जिले में 17 लाख के करीब टेबलेट बांटने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर डॉ. अनुपम भास्कर, डिप्टी सीएमओ डॉ. खान चंद, डॉ. एमके माथुर, सीएमएस डॉ. ईश्वरी देवी बत्रा, डिप्टी डीआईओ शरद गुप्ता आदि मौजूद रहे।