गांव बर्द्घवारी में मरे हुए आदमी के नाम का मतदान करने आए युवक से पूछताछ करती पुलिस। संवाद
- फोटो : MURSAN
संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
मुरसान क्षेत्र के कई बूथों पर मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं मिले तो कुछ लोगों ने दूसरे लोगों के नाम पर वोट डालने का प्रयास किया। क्षेत्र के गांव बर्द्धवारी में एक युवक कई महीने पहले मच चुके आदमी का वोट डालने के लिए बूथ पर आ गया, लेकिन उसे एक प्रत्याशी के एजेंटों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
बता दें कि सुरेश पुत्र कालीचरण निवासी नगला अनी मुरसान की कई महीने पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। रविवार को विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए एक युवक मृत सुरेश के नाम की पर्ची लेकर बूथ पर पहुंच गया। इस दौरान कुछ लोग उसकी पर्ची को देखकर दंग रह गए।
तभी एक एजेंट ने उसके हाथ को पकड़ लिया और पुलिसकर्मियों को मौके पर बुला लिया। मौके पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। भीड़ इकट्ठी होते देखकर पुलिसकर्मियों ने उसे मौके से भगा दिया। युवक के जाने के बाद एक और युवक दूसरे के नाम की पर्ची लेकर वोट डालने के लिए फिर से आ गया, लेकिन जैसे ही वह बूथ पर पहुंचा तो एक प्रत्याशी के समर्थकों ने उसे बुला लिया।
और उसके हाथ से पर्ची लेकर उसका नाम पूछने लगे। तभी वह व्यक्ति पर्ची को छोड़कर भाग गया। ग्राम प्रधान वीरू चौधरी का कहना है कि सुरेश पुत्र कालीचरण निवासी नगला अनी मुरसान की मौत कई महीने पहले बीमारी के कारण हो चुकी है।