हाथरस के बिटिया प्रकरण में दिवाली के बाद सीबीआई ने फिर से जांच पड़ताल की रफ्तार तेज कर दी है। कई दिनों बाद सीबीआई की टीम फिर से बिटिया के गांव पहुंची और खुद को चश्मदीद बताने वाले छोटू व कोतवाली चंदपा के तत्कालीन प्रभारी डीके वर्मा से पूछताछ की।
वहीं गांव में बिटिया के घर के बाहर सीआरपीएफ के जवान अभी भी तैनात हैं। यहां हर आने जाने वाले का पूरा ब्यौरा एकत्रित किया जा रहा है।बिटिया प्रकरण में सीबीआई की जांच पड़ताल लगातार जारी है। दिवाली के बाद सीबीआई की टीम फिर से बिटिया के गांव में पहुंची।
गांव में पहुंचने से टीम ने कोतवाली चंदपा पहुंचकर यहां तत्कालीन चंदपा एसएचओ डीके वर्मा से पूछताछ की। इसके बाद टीम सीधे बिटिया के गांव पहुंची। यहां टीम ने खुद को चश्मदीद बताने वाले छोटू से ओरापी संदीप के घर के बाहर पूछताछ की। टीम ने करीब 15 मिनट तक पूछताछ की।
वहीं बिटिया के परिवार की सुरक्षा में इस समय सीआरपीएफ के जवान मुस्तैद हैं। यह 24 घंटे सुरक्षा घेरा बनाए हुए हैं। समय समय पर गांव में भ्रमण कर पूरा जायजा भी लेते हैं।