हाथरस के जरेरा चौकी इंचार्ज द्वारा एक वृद्ध ढाबा संचालक की बेरहमी से पिटाई मामला सुर्खियों में आ गया है। पुलिस अधीक्षक ने आरोपी चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है।
हाथरस एटा सीमा पर ग्राम सकरा के निकट अभयपुर निवासी सतीश चंद्र का ढाबा है। पीड़ित सतीश चंद्र ने आरोप लगाया है कि गुरुवार रात जरेरा चौकी इंचार्ज अनिल कुमार अपने हमराह के साथ पीड़ित के ढाबे पर पहुंचे। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि चौकी इंचार्ज उस समय शराब के नशे में धुत्त थे।
चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने आते ही सतीश चंद्र के साथ गाली गलौच शुरू कर दी और पीड़ित द्वारा विरोध करने पर पीड़ित को बुरी तरह मारा-पीटा और हवालात में बंद कर दिया। थाने लाकर भी पेड़ से बांध कर बेरहमी से मारा पीटा। शुक्रवार को पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को घटना से अवगत कराया। इस पर आरोपी चौकी इंचार्ज को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया।