न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी के उद्घाटन से पहले ही तमाम अव्यवस्थाएं हावी हैं। दुकानों का आवंटन हो चुका है, लेकिन अभी तक लगी नहीं हैं। उद्योग मंडप, शिल्प ग्राम, हथकरघा उद्योग, कृषि कक्ष में स्टॉल अब तक नहीं सज सके हैं। फूड कोर्ट शुरू होने में एक-दो दिन का समय लगेगा। लाल ताल पर नौकायन की तैयारी के साथ ही कोहिनूर व मुक्ताकाश मंच पर साज-सज्जा का काम आधा-अधूरा है। पुलिस चौकी, थाने व बैरियर का भी निर्माण नहीं हो पाया है। नुमाइश परिसर में अभी रंगाई-पुताई के साथ ही बिजली की सजावट आदि का काम पूरा नहीं हो सका है।
अमर उजाला में शनिवार को छपी खबर के बाद नुमाइश इंतजामियां ने कार्यों में तेजी लाने के लिए नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की मदद ली, और अभियान चलाकर गंदगी के ढेरों को हटवाने का काम कराया। सर्कस, खेलकूद- झूला व हुल्लड़ बाजार में गंदगी के ढेर लगे हैं। नुमाइश में बनी 525 पक्की दुकानों में से सभी का आंवटन हो चुका है। इसके बावजूद अभी तक दुकानदारों ने दुुकानें नहीं सजाई हैं। कश्मीर व सहारनपुर से आने वाले दुकानदारों की देरी के चलते कश्मीरी बाजार में रौनक नहीं आ सकी है। एडीएम सिटी राकेश पटेल व नुमाइश प्रभारी व सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा देर रात तक व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अधीनस्थों को निर्देशित करते रहे। अफसरों ने दावा किया है कि नुमाइश के उद्घाटन से पहले ही सारी व्यवस्थाओं को बेहतर बना लिया जाएगा।
कृष्णाजंलि में आने वाले दर्शकों का होगा 200 करोड़ का बीमा
अलीगढ़। नुमाइश स्थित कृष्णाजंलि नाट्यशाला की जर्जर हालत को देेखते हुए प्रशासन ने नुमाइश अवधि तक आने वाले दर्शकों का 200 करोड़ रुपये का इंश्योरेंस कराया है। इसके लिए बीमा कंपनी से करार करने के साथ ही बीमा की प्रीमियम राशि भी जमा करा दी गई है। अफसरों का दावा है कि कृष्णांजलि में कार्यक्रम आयोजन को पीडब्ल्यूडी ने अपनी एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जारी कर दी है। कृष्णांजलि नाट्यशाला में यहां करीब दो हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। वर्षों से इसकी उचित मरम्मत व देखरेख न होने से यह जर्जर हालत में जा पहुंची है। इसको देखते हुए बीमा कराया गया है। नुमाइश प्रभारी व सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि न्यू यूनाइटेड इंश्योरेंस कंपनी के जरिए अनुमानित दो हजार दर्शकों का 200 करोड़ का बीमा कराया गया है। नुमाइश अवधि के लिए इसका प्रीमियम 1.29 लाख रुपया जमा कराया गया है ताकि किसी हादसे के होने पर उसका पीड़ितों को भुगतान दिलाया जा सके।
नुमाइश में पुलिस सुरक्षा पर खर्च होंगे 14 लाख रुपये
अलीगढ़। नुमाइश में पुलिस सुरक्षा पर प्रशासन 14 लाख रुपये खर्च करेगा। यह धनराशि एडवांस में पुलिस विभाग के खाते में जमा करा दी गई है। नुमाइश में भीड़ व सुरक्षा की दृष्टि से छह थाने कोतवाली प्रदर्शनी, कोहिनूर मंच, कृष्णांजलि, दरबार हॉल, जीटी रोड व जेल रोड खोले गए हैं। यहां 11 पुलिस चौकियों में लाल ताल, हुल्लड़ बाजार, नानबाई प्लांट, चौकी जीटी रोड, सर्कस, शहंशाह तिराहा, जेल रोड, फायर सर्विस कैंप, बरौला जाफराबाद, तहसील तिराहा शामिल हैं। इन पर करीब 230 इंस्पेक्टर, दारोगा व सिपाहियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था का नोडल अधिकारी सीओ बन्नादेवी मोहसिन खान को बनाया गया है। इसके अलावा, फायर, ट्रैफिक, घुड़सवार, पीएसी, आरएएफ की तैनाती अलग से की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक
नुमाइश की सुरक्षा के लिए शनिवार देर शाम पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें सुरक्षा व्यवस्था की रणनीति तैयार की गई। बाद में सभी ने नुमाइश परिसर का निरीक्षण भी किया। बैठक में एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा, एएसपी गभाना मनीष शांडिल्य, सीओ मोहसिन किदवई, सीएफओ विवेक शर्मा, सीओ ट्रैफिक विनीत सिकरवार आदि मौजूद रहे।
कोरोना की सैंपलिंग के साथ होगा वैक्सीनेशन
अलीगढ़। नुमाइश मैदान में स्वास्थ्य विभाग 10 बेड का अस्थायी अस्पताल तैयार करेगा। आने वाले लोगों का निशुल्क कोरोना टीकाकरण किया जाएगा। यहां कोविशील्ड व कोवैक्सीन की डोज उपलब्ध होगी। सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि हेल्थ कैंप में नुमाइश में आने वाले दुकानदारों व दर्शकों की कोरोना की रेंडम जांच की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तीन मोबाइल टीमें सक्रिय रहेंगी। कैंप में स्वास्थ्य सभी प्रकार की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।