संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
मथुरा रोड स्थित गांव टीकैत अरौठा में हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मनरेगा मजदूरों से भरी एक मैक्स गाड़ी में आग लग गई। इसमें एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मजदूर बुरी तरह झुलस गए। गाड़ी में आग लगते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों व मृतकों के परिजनों ने मथुरा मार्ग पर जाम लगा दिया गया। सूचना पर मौके पर आला अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया।
जानकारी के मुताबिक, सादाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत अरौठा के गांव टीकैत निवासी संदीप उर्फ भोला (20) पुत्र राजू मनरेगा मजदूर है। संदीप सोमवार को दो तीन अन्य मजदूरों के साथ गांव में कार्य स्थल पर मनरेगा योजना के तहत बोर्ड लगाने के लिए मैक्स गाड़ी से जा रहे थे। इसी दौरान गांव टीकैत में रास्ते में मैक्स गाड़ी हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई।
विद्युत लाइन के संपर्क में आते ही मैक्स गाड़ी में तेज करंट प्रवाहित हो गया और उसमें आग लग गई। करंट की वजह से मैक्स में सवार संदीप व उसके साथी सोनू, ओटी व अन्य झुलस गए। संदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि झुलसे हुए अन्य मजदूरों ने अपना उपचार निजी रूप से कराया। मौके पर आए ग्रामीणों ने घटना से आक्रोशित होकर मथुरा रोड को जाम कर दिया। काफी देर तक मथुरा रोड जाम रहा।
ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में कई स्थानों पर विद्युत लाइन काफी नीचे से होकर गुजर रही हैं, लेकिन बिजली महकमे ने शिकायतों के बाद भी लाइन को ऊंचा नहीं किया है। बिजली महकमे के अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं। जाम लगने की सूचना पर मौके पर सीओ ब्रह्म सिंह, एसडीएम अंजली गंगवार, बिसावर चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार भदोरिया, प्रभारी निरीक्षक डीके सिसोदिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
घटना की जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू, गिरेंद्र चौधरी मौके पर पहुंच गए। नेता और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीण डीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। अफसरों के समझाने के बाद किसी तरह ग्रामीण माने और जाम खोल दिया। अफसरों ने मृतक के परिवारीजनों को उचित मुआवजा दिए जाने का आश्वासन दिया।