गर्मी चरम पर है और लू के चलते डायरिया सहित अन्य मौसमी बीमारी भी लगातार लोगों को अपनी चपेट में ले रही हैं। सबसे ज्यादा बच्चे इन बीमारियों की गिरफ्त में आ रहे हैं। इससे जिला अस्पताल का बच्चा वार्ड लगातार तीसरे दिन भी हाउस फुल रहा और गैलरी में बच्चों को लिटाकर इलाज करने पर डॉक्टर मजबूर हैं। कमोबेश ऐसे ही हालात जनरल वार्डों के हैं। 27 बेड वाले बच्चा वार्ड में 60 बच्चे और जनरल वार्डों में 200 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं।
गर्मी में डायरिया के अलावा बुखार व अन्य मौसमी बीमारी से बच्चे लगातार जद में आ रहे हैं। मंगलवार की ओपीडी में 1500 से ज्यादा मरीज दवा लेने पहुंचे और काफी संख्या में मरीज भर्ती भी किए गए। दिन भर की कवायद के के बाद 60 बच्चे व 200 से ज्यादा मरीज भर्ती किए गए।
चूंकि अब बच्चा वार्ड में जगह नहीं है, इसलिए बच्चा मरीजों को उनके परिजन गैलरी में ही लेकर बैठे हैं और वहीं उनका उपचार चल रहा है। कमोबेश ऐसे ही हालात दीनदयाल संयुक्त अस्पताल के हैं। सीएमएस डॉ. ईश्वर देवी के अनुसार मरीज लगातार भर्ती हो रहे हैं। जैसे संसाधन हैं, उनमें लगातार बेहतर उपचार देने का प्रयास किया जा रहा है।
बनने जा रहा जिला अस्पताल में आईसीयू युक्त नया बच्चा वार्ड
मलखान सिंह जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. ईश्वर देवी बताती हैं कि जिला अस्पताल में 42 बेड का नया बच्चा वार्ड बनने जा रहा है, जो आईसीयू व ऑपरेशन आदि तमाम अत्याधुनिक सुविधाओं से पूर्ण होगा। इसके लिए शासन से मंजूरी व बजट जारी हो गया है और आवास विकास को इसके निर्माण का जिम्मा मिला है। इसका काम भी शुरू कराया जा रहा है।
सीएमएस के अनुसार पिछले वित्तीय वर्ष में इसका प्रस्ताव गया था, जो मंजूर होकर आ गया है। साथ में बजट के साथ निर्माण की जिम्मेदारी आवास विकास को सौंपी गई है। सीएमएस ने बताया कि जमीन तय न होने के कारण इसका निर्माण शुरू होने में देरी हो रही थी, मगर अब जमीन भी तय कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि 42 बेड के इस बच्चा वार्ड में आईसीयू, ऑपरेशन सहित अन्य तमाम जरूरी सुविधाएं होंगी। बनकर तैयार होने पर इसके लिए संसाधन व स्टाफ आदि की डिमांड भेजकर इसे शुरू कराया जाएगा। इसके बनकर तैयार होने पर जिला अस्पताल में बच्चों के उपचार में काफी सहूलियत होगी।
शहर में ट्रिपिंग ने रुलाया, गोरई में ट्रांसफार्मर ने ‘जलाया’
तपती दोपहरी में बिजली संकट भी लगातार बना हुआ है। हालांकि शहरी क्षेत्र में बिजनेस प्लान के तहत बिजली संकट को दूर करने के लगातार प्रयास हो रहे हैं और ओवरलोडिंग वाले इलाकों में क्षमतावृद्धि का काम चल रहा है। मंगलवार को शहर में ट्रिपिंग ने बिजली संकट पैदा किया, वहीं देहात में गोरई में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से वहां बिजली संकट से लोग परेशान हुए।
कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को शहर में किसी बड़े फॉल्ट या घोषित कटौती की जानकारी नहीं है। हां, कुछ जगहों पर ट्रिपिंग व छोटे-मोटे फॉल्ट से सुबह के समय व कुछ देर शाम के समय कटौती ने परेशान किया। वहीं देहात के गोरई में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जला है, जिससे इलाके में कटौती बंद हुई है। वहां वैकल्पिक व्यवस्था से आपूर्ति सुचारु किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। ब्यूरो