गांव में पूछताछ करती सीबीआई की टीम
- फोटो : amar ujala
बिटिया के प्रकरण में सीबीआई की टीम लगातार पूछताछ कर रही है। सीबीआई की टीम ने बुधवार को बिटिया के गांव पहुंचकर बिटिया के परिजनों और आरोपी के परिजनों से पूछताछ की। ग्रामीणों से भी कई बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। टीम ने ग्रामीणों से घटना से जुड़े कई तथ्यों की जानकारी ली। टीम अब लगातार बिटिया के गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है।
बिटिया प्रकरण में सीबीआई की पूछताछ लगातार तेजी पकड़ रही है। घटना से जुड़े हर पहलू पर सीबीआई की टीम बारीकी से जांच कर रही है। गांव में घटनास्थल से लेकर पीड़िता और आरोपियों के घर टीम कई बार पहुंचकर जांच कर चुकी है। बुधवार को सीबीआई की टीम फिर गांव में पहुंची। यह टीम दो हिस्सों में बंट गई। एक टीम ने बिटिया के घर पहुंचकर परिजनों से कई घंटे तक पूछताछ की। वहीं दूसरी टीम ने आरोपियों के परिजनों से पूछताछ की।
टीम ने गांव में ग्रामीणों से भी तथ्यों के बारे में जानकारी जुटाई। सीबीआई अब तक बिटिया व आरोपी पक्ष के रिश्तेदारों सहित कई लोगों से पूछताछ कर चुकी है। अब ग्रामीणों की निगाहें सीबीआई की जांच पर टिकी हुई हैं। ग्रामीण यह जानने को उत्सुक हैं कि सीबीआई अपनी जांच रिपोर्ट में क्या खुलासा करेगी।
आरोपी पक्ष पर विधिक मदद के लिए आ रहे पत्र
आरोपी पक्ष को विधिक मदद के लिए कई संस्थाओं की ओर से पत्र आ रहे हैं। आरोपी संदीप के पिता का कहना है कि मेरे द्वारा किसी भी प्रकार की कोई मदद नहीं मांगी गई है। हमें फर्जी पत्र भेजकर परेशान किया जा रहा है। हमें किसी भी प्रकार की कोई मदद नहीं चाहिए।