अलीगढ़। जिला पंचायत चुनावों में सपा के कद्दावर नेता तेजवीर सिंह गुड्डू, उनके बेटे कार्तिक समेत लगभग 500 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है। इसकी पूरी जानकारी इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। इस चुनाव में 52 सीटों पर कुल 621 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा था, जिसमें लगभग 500 की जमानत जब्त हो गई है। केवल 29 प्रत्याशी ही अपनी प्रतिष्ठा बचा सके।
ये चुनाव बड़े-बड़े सियासी दिग्गजों के लिये बेहद टेंशन भरा रहा। बड़े बड़े दावे करने वाली सियासी पार्टियाें के नेताओं उनके समर्थकों को मतदाताओं ने ठेंगा दिखा दिया है। हालात ये है कि मतदाताओं के कोप से पंचायत के तमाम दिग्गज भी नहीं बच सके। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वार्ड 31 के प्रत्याशी तेजवीर सिंह गुड्डू का नाम भी शामिल था।
चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक गुड्डू के साथ उनके पुत्र वार्ड नंबर 26 के प्रत्याशी कार्तिक चौधरी, वार्ड दो की प्रत्याशी एवं सपा नेता नीरज यादव की पत्नी नीलम एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य व वार्ड 51 के प्रत्याशी जस्सू शेरवानी की जमानत जब्त हो गई। ये सभी ना सिर्फ सपा के समर्थित प्रत्याशी थे बल्कि खुद सपा के नेता भी हैं।