अलीगढ़। भारतीय दौरे पर आई साउथ अफ्रीकी टीम का प्रदर्शन अप्रत्याशित नहीं है। आईपीएल के मैचों का टीम ने जमकर लाभ उठाया। हमारी पिचों से टीम पूरी तरह वाकिफ हो चुकी है। यह कहना है विराट कोहली के क्रिकेट कोच राजकुमार शर्मा का। वह सोमवार को एएमयू में एक क्रिकेट टूर्नामेंट के पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लेने आए थे।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम और विराट कोहली, दोनों ही किसी तरह के दबाव में नहीं हैं। इसके बावजूद साउथ अफ्रीका की टीम के आगे भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन फीका क्यों रहा? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आईपीएल मैच खेलकर साउथ अफ्रीकी टीम देश के वातावरण से परिचत हो चुकी है। यहां की पिचों की बारीकियां भी उसके समझ में आ गई हैं। पहले उसे देश के वातावरण में ढलने में समय लगता था। अब टीम आते ही अच्छा प्रदर्शन करने लगती है।
अनुष्का और विराट के संबंधों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह उनका निजी मामला है। लोग इसमें दखल न दें। विराट के खेल पर अनुष्का से संबंध का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विराट की अगुवाई में भारतीय टीम टेस्ट मैचों में अच्छा प्रदर्शन करेगी।