इगलास कोतवाली क्षेत्र में अपनी बहन के घर आई किशोरी से उसके फुफेरे भाई के दोस्त ने दुराचार किया। आरोप है कि फुफेरे भाई व उसके अन्य दोस्त ने बलात्कार में सहयोग किया। किशोरी की चीख सुनकर घरवाले दौड़े तो आरोपी भाग निकले। पीड़ित किशोरी के भाई की ओर से थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़ित किशोरी मथुरा जिले के बल्देव थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पुलिस ने पीड़ित किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।
भाई की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि वह अपनी 14 वर्षीय बहन के साथ बड़ी बहन की ससुराल आया था। उनकी बुआ का बेटा रामकिशन निवासी हाथरस जनपद भी अपने दोस्त नीटू एवं श्रीकृष्ण के साथ वहां आया था। शनिवार देर रात नीटू ने ठंड लगने की बात कहते हुए कंबल मांगा। उसकी छोटी बहन कंबल देने गई तभी तीनों ने उसकी बहन को पकड़ लिया। नीटू ने अन्य दोनों युवकों के सहयोग से उसके साथ बलात्कार किया। किशोरी की चीख सुनकर परिजन जाग गए तो तीनों आरोपी कपड़े, पर्स और बाइक छोड़कर भाग निकले।
छेड़खानी के विरोध पर दबंगों ने छात्रा के परिजनाें को पीटा
महानगर के बन्नादेवी थाना में आटीआई रोड की राम नगर कालोनी में छात्रा के परिजनों को छेड़छाड़ की शिकायत दबंगों के परिजनों से करना महंगा पड़ गया। आरोपी परिजन छात्रा के घर में घुसे और मां, बाप तथा बाबा के साथ मारपीट कर डाली।
मारपीट में छात्रा के बाबा को गंभीर चोट लगी और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।रामनगर कालोनी निवासी 12 वीं छात्रा का आरोप है कि कोचिंग जाते समय क्षेत्र के ही कुछ युवक उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। इसकी शिकायत उसने अपने परिजनों ने की तो उन्होंने युवकों के परिवार वालों को बताया। इससे क्षुब्ध होकर आरोपी पक्ष शनिवार की रात को छात्रा के घर पर आ धमके।
दबंगों ने छात्रा की मां, पिता एवं बाबा समेत अन्य परिजनों के साथ मारपीट की। मारपीट में छात्रा के बाबा गंभीर घायल हो गए। सहायता के लिए शोर मचाया तो दबंग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नितिन रावत, मोंटी रावत एवं छोटू चौधरी सहित चार लोग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।