अलीगढ़ के अकराबाद में सोमवार की शाम टोल प्लाजा के पास से पकड़े जाने के बाद देर रात पूछताछ में चोरी का माल बरामद करवाने वाला सिकंदराराऊ निवासी फैसल पुत्र शकील मंगलवार को जेल भेज दिया गया। उधर लड़की पक्ष के दबाव में परिजनों ने चोरी के आरोपी दूल्हे के बड़े भाई से उस लड़की का निकाह करवा दिया, जिसके साथ फैसल का निकाह होना था।
कुछ दिन पहले गांव कासिमपुर में एक शराब की दुकान व कैंटीन में चोरी हुई थी। जगार होने पर चोर अपनी एक बाइक व मोबाइल मौके पर छोड़कर भाग निकले थे। सेल्समैन ने मुकदमा दर्ज कराया था। मौके से मिली बाइक और मोबाइल के जरिये चोरों की तलाश में पुलिस जुटी थी। सोमवार की शाम पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी में शामिल फैसल पुत्र शकील निवासी पुरानी तहसील के पास मोहल्ला सहाबुद्दीन थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस बरात लेकर अलीगढ़ शहर के भुजपुरा मोहल्ले में जा रहा है।
इस पर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर टोल प्लाजा के पास से कार सवार दूल्हा बने फैसल को दबोच लिया था। पुलिस की पूछताछ में उसने चोरी की घटना स्वीकार करने के साथ ही देर रात ठेके से चुराई गई शराब की पेटी और कैंटीन से चोरी किए गए पान मसाला, सुपाड़ी, तंबाकू के कुछ पैकेट बरामद करवाए थे। उधर लड़की पक्ष के दबाव में परिजनों ने देर रात फैसल के बड़े भाई के साथ लड़की का निकाह करा दिया था।