अलीगढ़ के राजेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्कूल में एक पेड़ से माली का शव लटका मिला। सोमवार सुबह इस घटना की सूचना से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान 27 वर्षीय अंकित के रूप में की जो चार साल से इसी स्कूल में बतौर माली अपनी सेवाएं दे रहा था।
विज्ञापन
अंकित के गले में फंदा लगा हुआ था जिसके चलते पुलिस इस मामले को आत्महत्या के नजरिये से देखने लगी लेकिन परिजनों ने आत्महत्या से साफ इन्कार कर दिया और स्कूल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ाई जाए।
दरअसल भकरौला निवासी अंकित पुत्र रामचरण सिंह (27) घर में अकेला कमाने वाला था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घर में एक भाई और तीन बहनों की परवरिश की जिम्मेदारी अंकित पर थी। तीन में से दो बहनों की शादी अभी बाकी थी। सोमवार सुबह करीब आठ बजे परिजनों को अंकित की मौत की सूचना मिली। जब वे स्कूल पहुंचे तब तक पुलिस की जांच शुरू हो चुकी थी। गले में फंदा होने के चलते पुलिस आत्महत्या को लेकर सवाल जवाब करने लगी तो भाई और दोनों बहन ने इससे इन्कार कर दिया और स्कूल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाया।
अंकित स्कूल परिसर में कब पहुंचा? किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई और शव पेड़ से लटका हुआ कैसे मिला? ऐसे कई सवाल फिलहाल पुलिस के लिए अनसुलझे हैं। इस पर इगलास के क्षेत्राधिकारी ने कमलेश कुमार ने बताया कि स्कूल में अंकित का शव एक पेड़ पर लटका मिला। परिजनों ने आरोप लगाए हैं लेकिन पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही तय हो पाएगा कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ाई जाए। मामले में स्कूल प्रबंधन ने कोई भी टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।