जहरीली शराब कांड में माफिया-तस्करों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। अब टप्पल व पिसावा में दो मुकदमे दर्ज कर 16 माफिया-तस्करों पर गैंगेस्टर लगाया गया है। इस बार जिन पर गैंगेस्टर लगाया गया है, उनमें शराब कांड के मुख्य आरोपियों में शामिल अनिल चौधरी व अवैध फैक्टरी का संचालक विपिन यादव भी शामिल है।
पुलिस ने टप्पल व पिसावा में गैंगेस्टर के जो दो मुकदमे अलग-अलग दर्ज किए हैं, उनमें शराब ठेकेदार नीरज चौधरी दोनों में आरोपी बनाया गया है, क्योंकि उस पर दोनों थानों में मौत से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। उसी के ठेके से जहरीली शराब बिकी थी। इस तरह कुल पांच मुकदमों में अब तक 43 लोगों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ये मुकदमे पिसावा व टप्पल में हुई मौतों के मुकदमे के आधार पर लिखे गए हैं। बता दें कि इससे पहले जवां, खैर व पिसावा में गैंगेस्टर के तीन मुकदमों में 27 लोगों पर गैंगेस्टर लगाया गया था। उनमें ऋ षि, मुनीष, अनिल, विपिन, विजेंद्र कपूर आदि शामिल थे।
इन पर लगा गैंगेस्टर
शराब माफिया - अनिल चौधरी निवासी धारागढ़ी गोंडा।
शराब तस्कर - दिलीप दुबे निवासी हेमंत नगर क्वार्सी, विपिन यादव निवासी हिंदपुर किशनी मैनपुरी हाल निवासी कुलदीप विहार अलीगढ़।
ठेका संचालक - नीरज चौधरी निवासी नारायणपुर खैर, अर्जुन निवासी गोमत खैर, अरुण कुमार निवासी ढलना शिकारपुर बुलंदशहर, सतपाल सिंह निवासी होली चौकी महिपालपुर, बसंतकुंज दिल्ली।
सेल्समैन : विवेक कुमार निवासी सारगपुर खुर्जानगर बुलंदशहर, संदीप कुमार उर्फ अर्जुन निवासी शादीपुर पिसावा, वीरपाल निवासी शादीपुर पिसावा, अजय चौधरी उर्फ धर्मेंद्र पुत्र निवासी खैर, सोनू शर्मा निवासी ताहरपुर टप्पल, नीरज शर्मा निवासी ताहरपुर टप्पल, मोनू निवासी सुनाना लोधा, संजू निवासी लोहागढ़ अतरौली।
अनिल-विपिन सहित छह पर दूसरी बार में भी गैंगेस्टर
पुलिस ने पिछली बार गैंगेस्टर के जो तीन मुकदमे दर्ज किए थे। उनमें अनिल चौधरी व विपिन यादव आरोपी थे। इस बार भी इनको आरोपी बनाया गया है। इस तरह इन दोनों पर भी गैंगेस्टर के दो मुकदमे दर्ज हो गए हैं। इसके अलावा, इनके चार सहयोगी ऐसे हैं, जिन पर इस बार भी गैंगेस्टर दर्ज हुआ है। कुल छह लोगों पर दूसरी बार गैंगेस्टर दर्ज हुआ है।
अब तक 28 मुकदमों में चार्जशीट
अलीगढ़। शराब कांड में 30 दिन में सभी प्रमुख गिरफ्तारी का लक्ष्य पूरा करने वाली पुलिस अब चार्जशीट लगाने का काम इस माह पूरा करने की तैयारी में है। इसी क्रम में अब तक इस कांड से जुड़े 28 मुकदमों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। बता दें कि इस कांड में 30 से अधिक मुकदमे दर्ज हुए हैं और करीब 80 गिरफ्तारी हुई हैं। जैसे जैसे विधि विज्ञान प्रयोगशाला से विसरा रिपोर्ट मिलती जा रही है, पुलिस उनसे जुड़े मुकदमों में चार्जशीट दाखिल करती जा रही है। प्रयास है कि इस माह के अंत तक यह काम पूरा कर दिया जाए। जिन 28 मुकदमों में अब तक चार्जशीट दाखिल हुई हैं। उनमें महुआखेड़ा, अतरौली, हरदुआगंज व मडराक के एक-एक मुकदमे हैं। लोधा व अकराबाद के तीन-तीन, टप्पल व पिसावा के चार-चार व खैर के दो व कुछ अन्य थानों के मुकदमे हैं।
अब संपत्ति जब्त करने का लक्ष्य तय
पुलिस स्तर से शराब कांड में चार्जशीट व गैंगेस्टर की कार्रवाई लगभग अंतिम दौर में कुछ छोटे मुकदमे शेष हैं। अब एसएसपी ने गैंगेस्टर में धारा 14/1 के तहत इन माफिया की चिन्हित संपत्ति जब्त करने का लक्ष्य तय किया है। जल्द यह कार्रवाई भी शुरू हो जाएगी।
- जहरीली शराब कांड में शासन व डीजीपी के निर्देशानुसार कार्रवाई की जा रही है। मुकदमों की चार्जशीट का काम लगभग पूरा है। गैंगेस्टर के तीन मुकदमों के बाद 2 और मुकदमे दर्ज किए गए हैं। बाकी काम पूरा कर जल्द संपत्ति जब्त करना शुरू कराया जाएगा। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी
दो आरोपियों की जमानत खारिज
अलीगढ़। जहरीली शराब कांड में अदालत ने दो आरोपियों की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। एडीजीसी सुधांशु अग्रवाल ने बताया कि शराब कांड में आरोपी धीरज शर्मा पुत्र कांतिप्रसाद शर्मा निवासी कच्चीगढ़ी अतरौली और रिंकू कुमार पुत्र मोहनलाल बघेल निवासी होकारी थाना पालीमुकीमपुर के जमानत प्रार्थना पत्र अदालत में प्रस्तुत किए गए थे। अवलोकन के बाद अदालत ने इनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया।