सांकरा में लोगों को हर हाल में राहत दे प्रशासन: संदीप सिंह
राज्यमंत्री संदीप सिंह ने मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से वार्ता कर सांकरा की वर्तमान स्थिति जानी। संदीप सिंह ने बताया कि अधिकारियों से स्पष्ट कह दिया गया है कि सरकार की मंशा के अनुसार बाढ़ प्रभावित इलाकों में अधिकारी स्वयं पहुंचकर निगरानी करें। जनमानस को खाद्यान्न व अन्य प्रकार की जरूरत की चीजें अवश्य उपलब्ध कराते रहें। लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जनता को हर प्रकार की राहत पहुंचाना शासन की अतिशीर्ष प्राथमिकता का कार्य है। अधिकारी सांकरा क्षेत्र की हर स्थिति को गंभीरता से देखें और कार्य करें।
सिंचाई, स्वास्थ्य और राजस्व टीम 24 घंटे करें निगरानी: आयुक्त
सांकरा में जलस्तर बढ़ने की खबर का आयुक्त संगीता सिंह ने संज्ञान लिया है। उन्होंने डीएम, सीएमओ व एसडीएम को पत्र जारी किया है, जिसमें कहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा के किनारे बसे तटवर्ती क्षेत्रों सांकरा आदि गांवों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगतार किए जाएं। प्रभावित नागरिकों की आवश्यकतानुसार वस्तुएं व उन्हें सुरक्षित स्थानों पर सभी आवश्यक जीवन उपयोगी सामग्री व सुविधाओं के साथ प्रतिस्थापित किया जाए। क्षेत्र में सिंचाई, स्वास्थ्य व राजस्व टीमें क्रियाशील करते हुए एक सप्ताह तक शीर्ष प्राथमिकता पर 24 घंटे तैनात रहें। आदेश की अवहेलना न हो और लोगों को जरूरत के अनुसार खाद्यान सामग्री पहुंचाते रहें।
- सांकरा में जलस्तर घटने लगा है। अब आबादी में पानी नहीं है। लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसका पूरा ध्यान रख रहे हैं। नायब तहसीलदार के साथ राजस्व टीम मौके पर तैनात हैं।- सुमित सिंह, एसडीएम
ग्रामीण बोले
- गंगा में जलस्तर बढ़ने से मवेशियों की फसल पूरी तरह से डूब गई है। फसल नष्ट होने से मवेशियों के सामने चारे का संकट पैदा हो गया है। इसे लेकर बेहद चिंता है।- कालीचरन, रुस्तम नगर
- हर साल इसी तरह फसल नष्ट होती है। प्रशासन द्वारा सहायता दिलाने के लिए सर्वे तो किया जाता है लेकिन मिलता कभी कुछ नहीं है। मवेशियों की परेशानी अधिक है।- चंद्रकेश, किरतोली