फुरकान, प्रतीक, सुधीश और बब्बू ने मेयर के पर्चे भरे
- फोटो : Dig Vishal
नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 की नामांकन प्रक्रिया के छठवें दिन मेयर पद के लिए बसपा के मो. फुरकान, राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी प्रतीक चौधरी और निर्दलीय प्र्रत्याशी के रूप में सुधीष वार्ष्णेय और बब्बू सिंह ने पर्चे दाखिल किए।
रविवार को एक सेट जमा करा चुके फु रकान ने सोमवार को दो सेट तो बाकी सभी प्रत्याशियों ने एक एक सेट जमा कराया है। मेयर के लिए दावेदारों की संख्या आठ तक पहुंच गई है। पार्षद पद के लिए तो अंतिम तिथि से एक दिन पूर्व नामांकन भरने वालों की बाढ़ आ गई। सोमवार को पार्षद पद के पर्चों की संख्या 129 से ज्यादा पहुंच गई। मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन है। ऐसे में पर्चों का ग्राफ और ऊपर उठने की उम्मीद जताई जा रही है।
नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 की नामांकन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। मंगलवार को प्रक्रिया का आखिरी दिन है। इससे पूर्व सोमवार को कलेक्ट्रेट पर नामांकन भरने वालों का सैलाब उमड़ पड़ा। मेयर पद के लिए राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी प्रतीक चौधरी पुत्र प्रकाशचंद ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया। इधर कांग्रेस प्रत्याशी होने का दावा करने वाले वरिष्ठ नेता सुधीश वार्ष्णेय पुत्र गौरीशंकर ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में परचा दाखिल किया।
उन्होंने बताया कि उन्हें पार्टी से देर सायं अथवा मंगलवार सुबह तक अधिकृत प्रत्याशी को मिलने वाला बी फार्म मिल जाएगा। बताते चलें कि कांग्रेस मेयर पद के रीयल एस्टेट कारोबारी मधुकर शर्मा को पहले ही उम्मीदवार बना दिया है। उनका नामांकन मंगलवार को होगा।
मेयर पद पर तीसरा पर्चा बब्बू कुमार पुत्र सोमस्वरूप ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भरा। बसपा से मेयर प्रत्याशी फुरकान अहमद ने सोमवार को नामांकन के दो सेट और दाखिल किए। इस तरह मेयर पद के लिए नामांकन करने वालों की संख्या आठ तक पहुंच गई है। अभी भाजपा एवं कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के नामांकन होने बाकी हैं। पार्षद पद के लिए कलेक्ट्रेट एवं तहसील कोल में कुल मिलाकर 129 नामांकन पत्र भरे गए।