दिन भर दोस्ती, रात में गला घोंटा
- फोटो : amar ujala
गांव नगला हिमाचल में पचीस वर्षीय एक युवक को गांव के कुछ लोगों ने पहले जुआ खिलाकर उसका रुपया हड़पना चाहा। जुएं में खुद हार गए तो उसे जमकर शराब पिलाई। गांव से दूर ले गए। फिर शाम तक जुएं की जीत में शराब का दौर चला। एक होटल में ले जाकर खाना खिलाया।
अंधेरा हुआ तो घर की ओर चल पड़े। रास्ते में गला घोंटकर हत्या कर दी और पास मौजूद एक लाख बीस हजार रुपया लूट ले गए। सुबह गांव के बाहर एक देवस्थान के समीप लोगों ने शव पड़ा देखा तो परिजनों को जानकारी दी। गांव के पांच लोगों के खिलाफ मृतक की मां ने हत्या एवं लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव नगला हिमाचल निवासी कुसमा देवी पत्नी स्व. बनवारी सिंह के अनुसार उसके 25 वर्षीय पुत्र कश्मीर सिंह ने 80 हजार रुपये में खेत बेचा था। 20 हजार रुपये किसी से उधार लिए थे। शुक्रवार सुबह 9 बजे गंगीरी चौराहे पर किराये पर दुकान देखने की बात कहते हुए रुपये लेकर गया था।
गांव के कुछ लोगों ने बहलाकर उसके पुत्र को गांव के बाहर बाग में ले जाकर जुआं खिलवाया। शराब पी। उसके बाद गंगीरी चौराहा ले गए। वहां शाम तक शराब पिलाई। एक होटल में खाना खिलाया। रात दस बजे गांव लौटते समय रास्ते में कश्मीर सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी। उन्होंने गांव के रामकिशन उर्फ घोड़ा पुत्र मनीराम, अनिल पुत्र रामवीर सिंह, रामऔतार पुत्र शैतान सिंह, ऋषिपाल सिंह पुत्र रामप्रसाद, पप्पू पुत्र मोहर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।