दोस्त ने की आईटीआई छात्र की हत्या।
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र के गांव बझेड़ा से 20 लाख की फिरौती के लिए सोमवार को अगवा किए गए आईटीआई छात्र सुरेद्र की चंद घंटों बाद ही हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को उसके तयेरे भाई व दोस्तों ने अंजाम दिया।
इसके मूल में फिरौती वसूलने की मंशा के साथ-साथ व प्रेम संबंधों का विरोध भी एक वजह थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मथुरा के नौहझील क्षेत्र में यमुना किनारे से बालू में दबा छात्र का शव भी बरामद कर लिया है। इस विषय में जानकारी देते हुए एसपी देहात शुभम पटेल व एएसपी खैर विकास कुमार ने बताया कि किसान उदयवीर सिंह का 22 वर्षीय बेटा सुरेंद्र पाल सिंह निजी कालेज से आईटीआई कर रहा था। वह सोमवार को घर से खेतों की ओर जा रहा था। तभी गायब हो गया।
अगले दिन यानि मंगलवार को छात्र के ही फोन से उसकी बहन के फोन पर 20 लाख रुपये की फिरौती का मैसेज आया और दो दिन में रुपयों का इंतजाम कर हैदराबाद वाली ट्रेन में रुपये रखने को कहा गया। तब परिवार हैरत में आया। पुलिस की मदद ली गई। इस जांच में पुलिस ने सबसे पहले सुरेंद्र के तयेरे भाई को शक के आधार पर हिरासत में लिया तो पूरा भेद खुल गया।
इस मामले में तयेरा भाई भूपेन्द्र, दोस्त व बहन का प्रेमी रिन्कू उर्फ शिबकुमार सहित रतन सिंह निवासी वेदना नौझील मथुरा व राहुल निवासी अब्दुल्लागंज रायसेन मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है।