फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: अलीगढ़ की नगर पंचायत पिलखना के पूर्व चेयरमैन मोहम्मद आरिफ को हमलावरों ने मारी गोली, मेडिकल में भर्ती

Thu, 03 Jul 2025 03:39 PM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

बताया जा रहा है कि घायल पूर्व चेयरमैन समाजवादी पार्टी समर्थक हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया रंजिश के कारण हमले की बात मान रही है।
विज्ञापन
पूर्व पंचायत चेयरमैन को गोली मारी। - फोटो : प्रतीकात्मक
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अलीगढ़ की पिलखना नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन व वर्तमान चेयरमैन पति सपा नेता गुलाम मुहीउद्दीन उर्फ मोहम्मद आरिफ को 3 जुलाई दोपहर गोली मार दी गई। चुनावी रंजिश में इस हमले का आरोप उनके सामने चुनाव लड़े भाजपा प्रत्याशी परिवार पर है। ताबड़तोड़ फायरिंग में मो. आरिफ के दो गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत में उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिए हैं। 

विज्ञापन


अकराबाद क्षेत्र के कस्बा पिलखना में यह घटनाक्रम दोपहर करीब 2 बजे का है। एसपी देहात अमृत जैन के अनुसार पिलखना चेयरमैन खायता मुकीम के पति वरिष्ठ सपा नेता 50 वर्षीय मो. आरिफ अपने घर से कस्बे में मोहल्ला डेरा के अली मियां के घर नजर न्याज का न्योता मिलने पर दावत खाने पैदल जा रहे थे। उनके पीछे-पीछे उनके रिश्ते के भाई मो. मुनीश व कस्बे के अशोक ठेकेदार भी थे। मोहल्ला बुली खेल चौक में दुकान के पास मोड़ पर पहले से घात लगाए खड़े 4-5 हमलावरों ने आरिफ को देखते ही यह कहकर हमला कर दिया कि आज मार दो इसको। इस दौरान 4 से 5 राउंड फायर किए गए। एक गोली आरिफ की जांघ व पेट के बीच में, जबकि दूसरी पीछे से कंधे पर लगी। जिससे वे वहीं गिर पड़े।
विज्ञापन

 इस बीच पीछे से आ रहे साथियों ने शोर मचाया और ईंट फेंकना शुरू किया तो हमलावर भागने लगे। मुनीश ने एक हमलावर को पकड़ लिया, मगर वह धक्का-मुक्की कर छूटकर भाग गया। इस धक्का-मुक्की में गिरने से मुनीश के कंधे में चोट लगी, जबकि हमलावर का तमंचा भी वहां गिर गया। घटना के बाद वहां भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन घायल सपा नेता को मेडिकल कॉलेज लाया गया। 

विज्ञापन

खबर पर एसपीआरए, सीओ बरला, एसएचओ अकराबाद फील्ड यूनिट व एसओजी संग घटनास्थल पर पहुंच गए। जांच पड़ताल के बाद अधिकारियों ने मेडिकल पहुंचकर भी घायल से बात की। अभी उपचार के चलते आरिफ सही ढंग से बातचीत नहीं कर पाए हैं। हालांकि, उन्होंने हमलावरों को पहचानना स्वीकारते हुए उनके नाम भी अधिकारियों को बताए हैं। समाचार लिखे जाने तक तहरीर का इंतजार किया जा रहा था।
यह घटना चुनावी रंजिश में हुई है। घायल चेयरमैन पति मो. आरिफ ने बताया है कि उनके सामने जो पक्ष चुनाव लड़ा, वही उनसे रंजिश रखता है। उन्होंने हमला किया है। बाकी विस्तृत बातचीत व तहरीर के आधार पर कार्रवाई भी की जाएगी। जो नाम बताए हैं, उनकी तलाश में तीन टीमें लगी हैं। - अमृत जैन, एसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें