अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के कुलपति के आवास की दीवार पर आपत्तिजनक पोस्टर लगाने के प्रकरण में पांच सुरक्षा कर्मियों को निलंबित कर दिया गया। तीन छात्रों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
शुक्रवार रात एएमयू कुलपति के आवास की दीवार पर आपत्तिजनक पोस्टर चस्पा कर दिए गए थे।
पोस्टर में कैनेडी में इवेंट्स, क्लास रूम में कोरोना, कोरोना इज ओनली इन क्लास रूम, एएमयू को दीमक लग गया, वीसी को मिला एक्सटेंशन, एएमयू को क्या मिला जैसे नारे लगे लिखे थे। कुलपति आवास के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से फुटेज खंगाले गए। प्रॉक्टोरियल टीम ने सिक्योरिटी असिस्टेंट मोहे आलम, असर इंतजार, सैफुद्दीन खान, सिक्योरिटी गार्ड याकूब खान व मुन्ने खान को निलंबित कर दिया। इसके अलावा, एमए दर्शनशास्त्र द्वितीय वर्ष के छात्र हैदर अली एमए थियोलॉजी के छात्र मोहम्मद सलमान, पीएचडी कॉमर्स के छात्र इमरान को कारण बताओ नोटिस दिया गया। एएमयू इंतजामिया ने पोस्टर चस्पा के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
तिब्बिया कॉलेज में लगा नाम पट्टिका टूटी, मुकदमा
एएमयू के तिब्बिया कॉलेज के मस्जिद के पास लगी नाम पट्टिका किसी शरारती तत्व ने तोड़ दी। इस मामले में एएमयू इंतजामिया ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कॉलेज के पूर्व प्राचार्य प्रो. सऊद आलम के पिता के नाम की पट्टिका लगी थी, जिसमें मस्जिद के निर्माण में उनके अभूतपूर्व योगदान का जिक्र है।