यह नशा माफिया की कमर तोड़ने वाली कार्रवाई है। इस गैंग की बाकी कड़ियों और इनके मुख्य सप्लायरों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी और विधिक कार्रवाई तेजी से की जा रही है। किसी भी सूरत में नशे के कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।- धनंजय कुमार, क्षेत्राधिकारी द्वितीय
राजस्थान से आता था नशे का सामान, दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई
थाना रोरावर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा पकड़े गए अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर के तार देश के कई राज्यों से जुड़े हुए हैं। यह सुनियोजित अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट है, जो राजस्थान से स्मैक लाकर दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में सप्लाई कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपी मोहसिन, शराफत, तनिष्क, नीशू और टीया ने पुलिसिया पूछताछ में उगले। सूत्रों के मुताबिक इस गैंग का मुख्य सप्लायर नेटवर्क राजस्थान में सक्रिय है। तस्कर वहां से भारी मात्रा में कम दामों पर स्मैक और अन्य मादक पदार्थ उठाते थे।
इसके बाद सुरक्षित रास्तों से होते हुए इस खेप को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और अलीगढ़-मथुरा के इलाकों में महंगे दामों पर ग्राहकों और छोटे पैडलर्स को बेचा जाता था। पुलिस का दावा है कि इस गैंग से मिले सुरागों के बाद जल्द ही राजस्थान और दिल्ली के कुछ और बड़े नशा तस्कर पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस अब इनके बैंक खातों, संपत्तियों और कॉल डिटेल्स को भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस काले कारोबार से इन्होंने अब तक कितनी अवैध संपत्ति बनाई है।