इस कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास भेजा गया है। उनकी मंजूरी मिलते ही इसका काम आगे बढ़ जाएगा। 20-21 दिसंबर को छर्रा विधायक ठा. रवेंद्रपाल सिंह सीएम योगी के समक्ष यह प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। केंद्रीय पशुपालन मंत्री एसपी सिंह बघेल और उत्तर प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री धर्मपाल सिंह के पास यह प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। इन दोनों मंत्रियों की सहमति भी मिल चुकी है।
अलीगढ़ मंडल का पहला पशु चिकित्सा महाविद्यालय जल्द ही बनेगा। महुआखेड़ा, गुरसिकरनपुर और दारापुर गांव में 650 एकड़ जमीन इस योजना के लिए प्रस्तावित की गई है। इसका प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही मंजूरी मिलेगी।-डॉ. एनएन शुक्ला, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अलीगढ़।
महुआखेड़ा में उत्तर प्रदेश पशुधन उद्योग निगम लिमिटेड सीडीएफ अलीगढ़ की खाली जमीन पर पांच वृहद गो संरक्षण केंद्र भी बनाने का प्रस्ताव है। एक वृहद गो संरक्षण केंद्र पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके साथ ही एक बड़ा पशु चिकित्सालय भी बनाया जाएगा। इसमें लगभग दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। यहां सभी बीमार पशुओं का उपचार किया जा सकेगा।
भविष्य में यहां बनेगी वेटरनरी यूनिवर्सिटी
अलीगढ़ के पशु चिकित्सा महाविद्यालय को भविष्य में वेटरनरी यूनिवर्सिटी बनाने की योजना भी है। यूनिवर्सिटी बनाने के लिए जरूरी बड़ी जमीन (650 एकड़ तक) यहां आसानी से उपलब्ध है।