युवती से दुष्कर्म (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली सदर क्षेत्र के एक गांव निवासी बीए की छात्रा को दिल्ली में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। इस मामले में मुख्य आरोपी सहित उसके दो भाइयों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है। पीड़ित युवती की मेडिकल जांच कराई गई है। कोतवाली सदर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती को उसी के गांव का एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। युवती बीए की छात्रा है।
ये भी पढ़ें- उन्नाव दुष्कर्म कांडः आज खत्म हो जाएगी आरोपी ट्रक ड्राइवर और क्लीनर की रिमांड
कोतवाली में शिकायत करते हुए युवती ने बताया है कि मुख्य आरोपी का बड़ा भाई उसे घर से यह कहकर अपने साथ ले गया था कि उसके पापा उसे स्टेशन पर बुला रहे हैं। जैसे ही वह सिटी रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उसे चाय में कुछ मिलाकर दे दिया, जिससे युवती बेहोश हो गई और फिर मुख्य आरोपी और उसके दो भाई युवती को दिल्ली ले गए।
होश आने पर युवती ने अपने आप को एक बंद कमरे में पाया। दिल्ली ले जाकर एक शादीशुदा युवक ने युवती को बेहोश कर उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब एक महीने बाद युवती को आरोपी हाथरस छोड़कर भाग गए, जिसके बाद परिजनों के साथ युवती कोतवाली सदर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।
कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि तीन सगे भाइयों के खिलाफ धारा 327, 376 और 342 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।