अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के दो छात्रों के खिलाफ फेसबुक पर धार्मिक टिप्पणी करने के आरोप में थाना सिविल लाइंस में मुकदमा दर्ज कराया गया है। सासनी गेट के युवक की तहरीर पर आईटी एक्ट और धार्मिक भावनाएं भड़कने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी छात्रों की तलाश में जुटी है।
वाकया एक सप्ताह पहले का है। फेसबुक पर एएमयू से एमबीए की पढ़ाई कर रहे छात्र उमर राना और कॉमर्स विभाग के छात्र जोहेब अहमद ने धार्मिक टिप्पणी की थी। यह पोस्ट काफी वायरल हो गई। इस पर विवाद छिड़ने के बाद भारत गोस्वामी निवासी पंचनगरी, सासनी गेट ने 27 जून को एसएसपी से मामले की शिकायत की थी।
एसएसपी ने थाना सिविल लाइंस पुलिस को मामले की पड़ताल कर आरोपी छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद हरकत में आई थाना सिविल लाइंस पुलिस ने छात्रों के फेसबुक अकाउंटों को खंगाला धार्मिक टिप्पणी वाली पोस्ट मिलने पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर के अनुसार छात्रों की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।